हमीरपुर
कांग्रेस सरकार पर बदले की भावना से काम कर भोरंज विधानसभा क्षेत्र से कार्यालयों को डी नोटिफाई करने का लगाया आरोप।
हिमाचल प्रदेश में सरकार के द्वारा भारतीय जनता पार्टी की 6 माह पूर्व हुई घोषणाओं को डिनोटिफाई करने के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ने अब कड़ा रुख अपना लिया है। भारतीय जनता पार्टी के द्वारा इसके विरोध में अब प्रदर्शन करने की कवायद भी शुरू हो गई है। हमीरपुर ज़िला के उपमंडल भोरंज में मंडल अध्यक्ष देशराज शर्मा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली और अपना विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मंडल अधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर अपनी आपत्ति भी दर्ज करवाई । भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस सरकार बदले की भावना से काम कर प्रदेश सहित भोरंज उपमण्डल में विभिन्न संस्थानों की नोटिफिकेशन को रद्द करने का काम कर रही है। रैली व प्रदर्शन के दौरान भोरंज विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक कमलेश कुमारी और पूर्व विधायक डॉ अनिल धीमान भी उपस्थित रहे।
पूर्व विधायक कमलेश कुमारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में कई संस्थान भोरंज में खुले थे जिनमें विद्युत विभाग का डिवीजन विद्युत विभाग का सबडिवीजन लदरौर जल शक्ति विभाग का सब डिवीजन समीरपुर, भरेड़ी पीएससी का दर्जा बढा करके सीएससी का दर्जा दिया गया था। इसके अलावा पंजोत में प्राइमरी हेल्थ सेंटर और करहा हेल्थ सब सेंटर खोला गया था लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार ने आते ही बदले की भावना से इन संस्थानों को डिनोटिफाई करने का काम किया है ।
