नई शिक्षा नीति के तहत स्कूली बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ-साथ अब प्रैक्टिकल एजुकेशन पर भी बल दिया जा रहा है। वीरवार को जिला मुख्यालय के नजदीकी कुठार कला के माउंट एवरेस्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। स्कूल प्रधानाचार्य पंकज मेहरा की अगुवाई में कई विद्यार्थियों ने अपने हुनर का प्रदर्शन विज्ञान मॉडल के जरिए करते हुए समाज को कई क्षेत्रों में नए प्रयोग करने का आह्वान किया। इस मौके पर बच्चों ने हाइड्रोलिक ब्रिज, जल संरक्षण के लिए बांध और कई प्रकार के प्रदूषण से बचने के लिए उपयोगी टिप्स अपनी मॉडल्स के जरिए प्रदर्शित किए।
प्रधानाचार्य पंकज मेहरा ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत बच्चों को प्रायोगिक शिक्षा पर बल दिया जा रहा है जिसके तहत बच्चे अपने क्रियाकलापों और किताबी शिक्षा को मॉडल और विभिन्न प्रकार की गतिविधियों के जरिए प्रदर्शित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रैक्टिकल शिक्षा हमेशा प्रभावी रहती है जिसके तहत बच्चों के मन मस्तिष्क पर हर कांसेप्ट की अमिट छाप भी पड़ती है इससे बच्चों को एक तरफ जहां सीखने में सहायता मिलती है वहीं दूसरी तरफ वह परीक्षाओं के समय भी यह प्रयोग उन्हें कई प्रश्नों के उत्तर आसानी से उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होते हैं।
