डीआईजी ने जांची ईवीएम स्ट्रांग रूम की व्यवस्था, सुरक्षा में तैनात अधिकारियों के साथ जिला प्रशासन से भी लिया फीडबैक

डीआईजी ने जांची ईवीएम स्ट्रांग रूम की व्यवस्था, सुरक्षा में तैनात अधिकारियों के साथ जिला प्रशासन से भी लिया फीडबैक, मतगणना के दिन ट्रैफिक प्लान को लेकर दिए आवश्यक दिशा निर्देश। 
 
 हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद मतगणना में अब महज दो ही दिन शेष बचे हैं, ऐसे में निर्वाचन आयोग और इसके साथ-साथ पुलिस विभाग भी हर प्रकार से तमाम सुरक्षा प्रबंधों को पुख्ता करने में जुटा है। इसी कड़ी में सोमवार को डीआईजी नॉर्थ रेंज सुमेधा द्विवेदी ने ऊना जिला मुख्यालय के पीजी कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम का दौरा कर तमाम सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
 
उन्होंने मतगणना के दिन स्ट्रांग रूम की व्यवस्था और यहां आने जाने वाले लोगों को लेकर भी पुलिस अधिकारियों के साथ व्यापक विचार विमर्श किया। डीआईजी ने मतगणना के दिन बेहतर ट्रैफिक प्लान बनाने को लेकर भी जिला पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
 
 डीआईजी नॉर्थ रेंज सुमेधा द्विवेदी ने जिला मुख्यालय के पीजी कॉलेज में स्थापित ऊना, कुटलैहड़ और हरोली विधानसभा क्षेत्रों के ईवीएम स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जिस तरह से चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुए हैं उसी तरह से मतगणना के दिन भी शांति व्यवस्था बनी रहे उसको लेकर निरीक्षण करने के साथ-साथ दिशा-निर्देश भी जारी किए जा रहे हैं। 
 
उन्होंने कहा कि यह स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्र नेशनल हाईवे के बिल्कुल पास है ऐसे में यात्रियों को किसी समस्या का सामना न करना पड़े, इसलिए जिला पुलिस अधिकारियों को मतगणना के दिन ट्रैफिक प्लान बनाने के भी निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *