विश्व उपभोक्ता दिवस के उपलक्ष्य पर आज खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने हमीर भवन में दि हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन के सहयोग से जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।इस अवसर पर दि हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन के पदाधिकारियों, विभाग के अधिकारियों तथा सभी उपभोक्ताओं को विश्व उपभोक्ता दिवस की बधाई देते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि आज के दौर में एक उपभोक्ता के रूप में हर व्यक्ति को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरुक रहना चाहिए। सरकार ने उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए कई नियम-अधिनियम बनाए हैं। सभी लोगों को इन नियमों-अधिनियमों की जानकारी होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि आम लोगों के अधिकारों की रक्षा तथा उन्हें जागरुक करने के लिए दि हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन बहुत ही सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपनी गतिविधियों को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाएं, ताकि इन क्षेत्रों के उपभोक्ता भी अपने अधिकारों के प्रति सजग हो सकें। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि संगठन की गतिविधियों के विस्तार तथा इसकी सभी मांगों को पूरा करने के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगे।
इस मौके पर दि हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन में उत्कृष्ट कार्यों के लिए पीएन शर्मा और केके खन्ना तथा 95 बार रक्तदान करने पर सतपाल शर्मा को उपभोक्ता सेवा सम्मान-2023 से सम्मानित किया गया।
उपभोक्ता के रूप में अपने अधिकारों के प्रति रहें जागरुक : कुलदीप सिंह पठानिया
