सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गयी। जिसमें एक बड़ा फैसला देखने को मिला। दरअसल महिला आरक्षण बिल को केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। अर्थात यह लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण सुनिश्चित करेगा।
बीते कुछ दिनों से महिला आरक्षण सहित कई विधेयकों की चर्चा जोरों पर चल रही थी। सोमवार को लोकसभा में बोलने के लिए खड़े हुए अधीर रंजन चौधरी ने मोदी सरकार से महिला आरक्षण बिल पारित करने की मांग की थी। इस बात की अटकलें लगाई जा रहा थीं कि सरकार संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण बिल ला सकती है। हालांकि, सरकार ने इसे लेकर अपने पत्ते नहीं खोले हैं। लेकिन सोमवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई। इसी में महिला आरक्षण बिल को मंजूरी दी गई।
वहीँ केंद्र सरकार के इस फैसले का प्रदेश बीजेपी नेता जयराम ठाकुर ने स्वागत किया है। बिल में संसद और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फ़ीसदी आरक्षण का प्रस्ताव है।
जयराम ठाकुर ने शिमला में कहा कि देश व प्रदेश की आधी आबादी महिलाओं की हैं। महिलाओं के आरक्षण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। उन्होंने मोदी की केंद्र सरकार का इस पहल को स्वागत योग्य बताया और कहा कि महिलाओं का उत्थान हो उनकी सहभागिता बढ़े यह आवश्यक है। लोकसभा व राज्यसभा से पारण के बाद एक लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी।
