सेंसेक्स में जबरदस्त उछाल, 80,893 के रिकॉर्ड पर

सेंसेक्स

सेंसेक्स में जबरदस्त उछाल, 80,893 के रिकॉर्ड पर

सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा चढ़कर 80,893 के रिकॉर्ड पर पहुंच गया है । निफ्टी भी 270 अंक ऊपर है, यह 24,592 के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गया। हालांकि, अभी बाजार रिकॉर्ड हाई से थोड़ा नीचे आया है। सेंसेक्स 700 अंक और निफ्टी 200 अंक ऊपर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 में तेजी और 5 में गिरावट है। TCS के मजबूत तिमाही नतीजों के बाद आज IT इंडेक्स करीब 4% चढ़ा है। TCS का शेयर करीब 4% चढ़कर 4080 रुपए से ऊपर कारोबार कर रहा है। इंफोसिस, टेक महिंद्रा और HCL टेक भी करीब 3 फीसदी ऊपर हैं।

भारत की सबसे वैल्यूएबल IT कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज लिमिटेड (TCS) का वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में कॉन्सोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 12,040 करोड़ रुपए रहा है। सालाना आधार पर इसमें 8.72% की बढ़ोतरी हुई है। एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी को 11,074 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट हुआ था। इस दौरान कमाई की बात करें, तो अप्रैल-जून तिमाही में यह टोटल 63,575 करोड़ रुपए रही है। सालाना आधार पर इसमें 5.44% की बढ़ोतरी हुई है।

लाभांश का भी ऐलान

TCS ने अपने शेयरहोल्डर्स को प्रति शेयर 10 रुपए लाभांश का भी ऐलान किया है। कंपनियां अपने शेयरधारकों को मुनाफे का कुछ हिस्सा देती हैं, उसे लाभांश कहते हैं। TCS का शेयर कल 0.18% गिरकर 3,902 रुपए पर बंद हुआ था। TCS ने गुरुवार को FY25 की पहली तिमाही के नतीजे जारी किए थे। मजबूत नतीजों के बाद आज इसके शेयर में करीब 4% की तेजी है। इंफोसिस का शेयर भी करीब 3% चढ़ा है। इससे बाजार को सपोर्ट मिल रहा है। गुरुवार को डोमेस्टिक इन्वेस्टर्स ने खरीदारी की जबकि फॉरेन इन्वेस्टर्स ने बिकवाली। NSE के डेटा के अनुसार DIIs ने 1,676.47 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।

इस दौरान FIIs ने 1,137.01 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। अमेरिकी बाजार गुरुवार को गिरावट में बंद हुए। नैस्डैक 1.95% गिरकर 18,283 अंक पर पहुंच गया। डाओ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.08% बढ़कर 39,753.75 अंक पर बंद हुआ। S&P 500 में 0.88% की गिरावट रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *