There may be a 24 hour strike in offices in Himachal Pradesh from 8 pm tonight
हिमाचल प्रदेश में एंबुलेंस सेवाएं आज रात 8 बजे से ठप हो सकती हैं। एंबुलेंस कर्मचारियों ने 24 घंटे तक इमरजेंसी सेवाएं बंद करने की चेतावनी दी है।
कर्मचारियों की तीन प्रमुख मांगें हैं:
- नौकरी से निकाले गए 14 कर्मचारियों की बहाली
- ट्रांसफर किए गए कर्मियों को पहले के कार्यस्थल पर तैनात करना
- जनवरी 2020 के हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के आदेशानुसार न्यूनतम मानदेय प्रदान करना
आमजन को होगी भारी परेशानी
हड़ताल के चलते प्रदेशभर में मरीजों और उनके परिजनों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। इमरजेंसी की स्थिति में मरीजों को खुद अस्पताल पहुंचने की व्यवस्था करनी पड़ेगी।
लंबे समय से कर रहे हैं न्यूनतम वेतन की मांग
प्रदेश के एंबुलेंस कर्मचारी पिछले कई वर्षों से कोर्ट के आदेश के अनुसार न्यूनतम वेतन दिए जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। वर्तमान में इन्हें केवल करीब ₹11,300 मासिक मानदेय मिल रहा है, जबकि कई कर्मचारी पिछले 15 वर्षों से लगातार सेवा दे रहे हैं। प्रदेशभर में 1400 से अधिक एंबुलेंस कर्मचारी कार्यरत हैं।
सीटू के बैनर तले हो रहा आंदोलन
अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए एंबुलेंस कर्मचारियों ने सीटू (CITU) के नेतृत्व में यूनियन का गठन किया है। यूनियन बनने के बाद सेवा प्रदाता कंपनी द्वारा कुछ कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया, जबकि कुछ का जबरन ट्रांसफर कर दिया गया। इससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है।
कल सभी जिलों में होगा प्रदर्शन
हड़ताल के तहत कर्मचारी आज रात 8 बजे से सेवाएं बंद करेंगे। इसके साथ ही कल प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों और शिमला स्थित एनएचएम कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। यदि सरकार और कंपनी ने मांगे नहीं मानीं, तो कर्मचारी लंबे आंदोलन की राह पर जाने की चेतावनी दे चुके हैं।
“मजबूरन उठाया कदम” – बालकराम
एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन के महासचिव बालकराम ने कहा कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद कर्मचारियों की मांगें नहीं मानी जा रही हैं। मजबूर होकर आज रात से सेवाएं बंद करनी पड़ रही हैं।
“कंपनी की मनमानी नहीं चलेगी” – विजेंद्र मेहरा
सीटू नेता विजेंद्र मेहरा ने आरोप लगाया कि सेवा प्रदाता कंपनी हाईकोर्ट के स्पष्ट आदेशों के बावजूद न्यूनतम मानदेय नहीं दे रही है। साथ ही, मनमाने तरीके से कर्मचारियों को नौकरी से निकाला जा रहा है और स्थानांतरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब यह लड़ाई आर-पार की होगी।
