हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा प्रायोजित सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में मोटे अनाज की खेती के लिए पद्मश्री से सम्मानित नेक राम शर्मा बतौर मुख्यतिथि शामिल हुए। कृषक प्रशिक्षण केंद्र सुंदरनगर की प्रधानाचार्य डॉ. प्राची ने पद्मश्री नेकराम शर्मा को सम्मानित कर कहा कि नेकराम शर्मा मंडी ही नहीं अपितु प्रदेश और देश के मिलेट्स मैन है।
पद्मश्री नेक राम शर्मा ने अपना अनुभव सांझा करते हुए कहा कि उन्होंने आज से तीस वर्ष पहले जंगल बचाना, मिलेट्स उगाना, प्राकृतिक खेती की मुहिम की शुरुआत की थी। शुरुआत में इस काम को विभाग और सरकारों ने ज़्यादा गम्भीरता से नहीं लिया लेक़िन आज जब पूरी दुनिया में मोटे अनाज के फायदों के बारे में अनुसंधान हुआ तो यह बहुत ही उपयोगी साबित हुआ है। पूरी दुनिया में इसके बारे में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।
उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले रही कृषि व पशु सखियों को स्वास्थ्य, पर्यावरण और मोटे अनाज के सेवन से होने वाले फायदों के बारे में बताया। उन्होंनेे बताया कि शुरुआत में मोटे अनाज को अद्भुत अनाज का नाम दिया था और सभी प्रतिभागियों से आग्रह किया कि अपने घरों से सजीव भोजन की शुरुआत करें। उन्होंने कहा कि किसान जो निरंतर खेती करता है वह अपनी फसल, वातावरण और परिवेश से ही सीखता है। पोषक अनाज के बारे में जिस प्रकार सरकार और कृषि विभाग ने जो पहल की है वह सराहनीय कदम है। यहां पर इसकी खेती बड़े पैमाने पर हो सकती है। जिससे लोगों के स्वास्थ्य को रसायनिक उर्वरकों द्वारा तैयार फ़सलों के दुष्प्रभावों से बचाया जा सकता है
वर्ष 2023 को मनाया जा रहा है अंतरराष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष के रूप में
