सोलन शहर माँ शूलिनी मेले के लिए दीपावली की तरह सजाया जाएगा

शूलिनी मेला में दीपावली की तरह सजाया जाएगा सोलन शहर - डाॅ. शांडिल

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, श्रम एवं रोज़गार मंत्री डाॅ. कर्नल धनी राम शांडिल ने कहा कि राज्य स्तरीय माँ शूलिनी मेला सभी सोलन वासियों के लिए अत्यंत शुभ अवसर है और मेले के तीनों दिन सोलन शहर को दीपावली की तरह सजाया जाना चाहिए। डाॅ. शांडिल आज राज्य स्तरीय माँ शूलिनी मेला की तैयारियों को लेकर नगर निगम सोलन के पार्षदों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

डाॅ. शांडिल ने कहा कि सोलन शहर को दीपावली की तरह सजाकर माँ शूलिनी का अभिनन्दन किया जाएगा। उन्होंने सभी स्थानीय निवासियों से आग्रह किया कि वह मेले अवधि में अपने घरों की सजावट करें ताकि पूरा शहर प्रकाशमय हो जाए।

उन्होंने कहा कि मेले के दौरान नगर निगम द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए स्वच्छता समिति गठित कर ली गई है। उन्होंने कहा कि इस समिति में स्कूली बच्चों, काॅलेज के बच्चों, एनसीसी, एनएसएस के बच्चों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष नगर निगम द्वारा मेले के दौरान लगने वाले झूलों का ठेका 33 लाख रुपये में दिया गया है जो गत वर्ष से लगभग एक लाख रुपये अधिक है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शूलिनी मंच को भी बढ़ाया गया है।

उन्होंने ठोडो मैदान में स्थाई उत्तम गुणवत्ता वाले सी.सी.टी.वी कैमरे लगवाने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि सोलन शहर की सुंदरता को बनाए रखने में बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। डाॅ. शांडिल ने सोलन के कथेड़ को खेल सिटी में विकसित करने के लिए नगर निगम सोलन को सम्भावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग करने के उपरांत सभी नागरिकों से अपने-अपने वार्डों में सफाई करने का आग्रह भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *