हिमाचल प्रदेश के समेज में बाढ़ में बहे लोगों का सर्च ओप्रशन जारी है। सर्च ऑपरेशन के नौवें दिन शुक्रवार सुबह सुन्नी डैम के नजदीक दोघरी क्षेत्र में चार शव बरामद हुए हैं। प्रथम दृष्टया में दो शव पुरुषों के हैं। एक शव लड़की का है, जिसकी उम्र 14 से 15 साल बताई जा रही है। इसके साथ ही एक अन्य शव क्षत-विक्षत मिला है, जो महिला का बताया जा रहा है।
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने कहा कि शव क्षत-विक्षत हैं। शवों को नदी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भेज दिया जाएगा। इसके साथ ही जिला प्रशासन कुल्लू को भी इसके बारे में सूचना दे दी गई है। वहीं नोगली में रील बनाने वाली कल्पना का शव बरामद हो गया है, जो कि अपने चार साल के बेटे और सात साल की बेटी के साथ बाढ़ में बह गई है। कल्पना का शव पोस्टमार्टम के लिए रामपुर अस्पताल भेजा गया है।
समेज से लेकर सुन्नी के कोल डैम तक कुल 15 शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें से पहचान अभी 3 की हो पाई है। 12 अन्य शवों की पहचान के लिए डीएनए रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। बीते 31 जुलाई की रात आई आफत की बारिश के बाद से 41 लोग अभी भी लापता है।
