Paris Olympics 2024 – पेरिस ओलंपिक की शुरुआत हो चुकी है। महिला निशानेबाज मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में पहुंचकर भारत के लिए पदक की उम्मीद बरकरार रखी है, जबकि भारत ने 10 मीटर पुरुष एयर पिस्टल और राइफल मिश्रित टीम इवेंट में निराशाजनक प्रदर्शन किया और इन दोनों वर्ग में कोई भारतीय निशानेबाज फाइनल में भी जगह नहीं बना सका। अब रविवार को मनु से पहले पदक की उम्मीद रहेगी, जबकि दो बार की ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू और निकहत जरीन भी दूसरे दिन से अपने अभियान की शुरुआत करेंगी।
आत्मविश्वास से भरी मनु भाकर ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए ओलंपिक खेलों में भारत के अन्य निशानेबाजों की खराब शुरुआत को पीछे छोड़कर 10 मीटर महिला एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश किया। भाकर ने क्वालिफिकेशन में 580 का स्कोर करके तीसरा स्थान हासिल किया, जिसमें हंगरी की निशानेबाज वेरोनिका मेजर 582 के स्कोर के साथ शीर्ष पर रहीं। अब आठ निशानेबाजों के फाइनल में मनु से पदक की उम्मीद रहेगी।
