विधानसभा अध्यक्ष के इस्तीफे पर अड़ा विपक्ष , राज्यपाल सौंपा ज्ञापन

Himachal: विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ विपक्ष का प्रस्ताव, सचिव को दिया नोटिस; राज्यपाल सौंपा ज्ञापन

हिमाचल प्रदेश में चल रहे मानसून सत्र में विपक्ष का हंगामा जारी है। अब विपक्ष ने विधानसभा अध्यक्ष के व्यवहार को लेकर नाराजगी जताते हुए विधानसभा सचिव को प्रस्ताव दिया। सोमवार को जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष की ओर से छह विधायकों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी।

अध्यक्ष से टिप्पणी पर खेद व्यक्त करने का आग्रह किया गया था, लेकिन उनका रवैया अलग तरह का हो गया। जयराम ने कहा कि विपक्ष की ओर से इस विषय पर सदन में बोलने के लिए समय मांगा गया, लेकिन समय नहीं दिया गया।

प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पांचवें दिन की बैठक की शुरुआत 2:00 बजे विपक्ष के हंगामे के साथ शुरू हुई। विपक्ष प्रश्नकाल शुरू होने से पहले व्यवस्था का प्रश्न उठाते हुए प्रश्नकाल की कार्यवाही में गतिरोध पैदा करने का प्रयास करता रहा। विपक्ष के सदस्य विपिन सिंह परमार बार-बार अपनी बात रखने का प्रयास करने लगे, लेकिन उन्हें स्पीकर ने अनुमति नहीं दी।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सदन की कार्यवाही को आगे बढ़ाते हुए सीधे प्रश्नकाल शुरू कर दिया। इसके बाद सत्ता पक्ष के विधायक विपक्ष के हंगामे के बीच मंत्रियों से प्रश्न करते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *