हिमाचल में मॉनसून सीजन में बंद रहे स्कूलों के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई का काफी ज्यादा नुकसान हुआ। जिसको देखते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने निर्देश दिए थे कि दिसंबर तक विद्यार्थियों की एक घंटे अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएगी। वहीँ दो दिन की छुट्टी में केवल एक दिन ही छुट्टी मिलेगी और दूसरे दिन स्कूल जाना पड़ेगा। लेकिन अब इन आदेशों में कुछ परिवर्तन किया गया है। दरअसल प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी ताजा निर्देशों में स्पष्ट किया गया है, कि केवल उन्हीं स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। जिन्हें मानसून के मौसम के दौरान भारी बारिश, बाढ़ के कारण बंद करना पड़ा था।
निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित स्कूलों को केवल उस अवधि के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगानी होंगी, जब स्कूल वास्तव में बंद रहे। यदि स्कूल रुक-रुककर 10 दिनों तक बंद रहे तो प्रति दिन केवल 6 घंटे की दर से 60 कार्य घंटों की क्षतिपूर्ति करनी होगी। यदि लगातार दो छुट्टियां पड़ती हैं तो स्कूल प्रमुख एक छुट्टी वाले दिन भी स्कूल खुला रखने का विकल्प चुन सकते हैं। हालांकि पूरा स्कूल छुट्टियों के दिन अतिरिक्त कक्षाओं में भाग लेगा। निदेशालय ने स्कूल प्रमुखों से भी अनुरोध है कि वे स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर व्यवस्था करें और स्कूल प्रशासन के पास उपलब्ध अन्य साधनों से पढ़ाई के नुकसान की भरपाई भी करें।
