किडनी की बीमारी से जूझ रहे पूर्व खिलाड़ी मनोज को नरेंद्र अत्री व साथियों ने दी एक लाख की आर्थिक सहायता

किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल डिग्री कॉलेज हमीरपुर के छात्र रहे, पूर्व खिलाड़ी मनोज वर्मा को भाजपा के प्रदेश सचिव नरेंद्र अत्री ने सामाजिक संस्था यस, हिमाचल के सहयोग से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। मूलतः डरवाड, धरमपुर के निवासी मनोज वर्मा ने हमीरपुर महाविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की है और उत्कृष्ट विजेता खिलाड़ी भी रह चुके हैं। मनोज वर्मा ने इंटर कॉलेज एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हैमर थ्रो में एक स्वर्ण पदक, एक रजत पदक जीता है।
मनोज वर्मा करीब दो वर्षों से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। हमीरपुर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चला हुआ है। उनका सप्ताह में तीन बार डायलिसिस हो रहा है। मनोज वर्मा के पिता का देहांत हो चुका है। गंभीर बीमारी के चलते मनोज वर्मा की आर्थिक स्थिति गड़बड़ा गई है। प्रदेश भाजपा सचिव नरेंद्र अत्री ने शुक्रवार को मनोज वर्मा के जन्मदिवस पर अस्पताल पहुंच कर केक कटवाया और सामाजिक संस्था यस हिमाचल की टीम सुनील शर्मा, रमन कांत, अनूप राणा, रजनीश, सुखबीर सुक्खी ,हेमराज ठाकुर, मंदीप आदि के सहयोग से एक लाख की सहायता राशि भी प्रदान की व उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। इस मौके पर विकास शर्मा, हेमराज ठाकुर, सुभाष ठाकुर, कमलेश वर्मा, आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *