ननखड़ी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पनेल गांव से संबंध रखने वाली होनहार महिला बॉक्सर मोनिका नेगी ने कनाडा में आयोजित हुई पुलिस बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इस उपलब्धि से हिमाचल प्रदेश का ही नही देश का भी नाम रोशन हुआ है। जीतने पर मोनिका नेगी को शुभकामनायें देने वालों की छड़ी लग गई है। प्रतिभाशाली मोनिका नेगी की इस ऐतिहासिक एवं शानदार उपलब्धि पर ननखड़ी क्षेत्र के सभी लोग गौरवान्वित महसूस कर रहें हैं। उन्होंने अपने असाधारण प्रदर्शन से अपने परिजनों सहित देश प्रदेश व अपने रामपुर क्षेत्र का भी नाम रोशन किया है।
वहीं इस उपलब्धि को लेकर डायरेक्टर ऑफ एलीमेंट्री हिमाचल प्रदेश घनश्याम चंद ने बताया कि यह हमारे देश व प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मोनिका नेगी ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर 81 KG में स्वर्ण पदक अपने नाम कर हमें गौरवान्वित किया है। मोनिका ननखड़ी के ग्रामीण क्षेत्र से संबंध रखती है। ऐसे में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करना सराहनीय है। उन्होंने मोनिका नेगी को शुभकामनाएं दी है और उम्मीद जताई है कि आगे भी मोनिका इसी तरह से बेहर प्रदर्शन करेगी। ऐसे में उन्होंने क्षेत्र के अन्य युवाओं से भी आग्रह किया है कि वह भी इस तरह से स्पोर्ट्स में बेहतर बनने का प्रयास करें और आगे बढ़े।
