मनाली: सड़क किनारे पलटी तेज रफ़्तार वॉल्वो, सभी सवारी सुरक्षित

Manali: High speed Volvo overturns on the roadside

कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा हादसा उस समय होते-होते टल गया, जब 17 मील के पास एक वोल्वो बस तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते सड़क किनारे पलट गई। गनीमत रही कि बस में सवार 8 से 10 यात्रियों को कोई चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बच गए। कुल्लू पुलिस नियंत्रण कक्ष को सोमवार सुबह करीब 7 बजे सूचना प्राप्त हुई कि 17 मील के समीप एक वोल्वो बस पलटी हुई है। सूचना मिलते ही एएसआई गीता नंद पुलिस दल के साथ मौके के लिए रवाना हुए।

हरियाणा नंबर की वोल्वो बस (HR47G0011) सड़क के किनारे पलटी हुई है। प्रारंभिक जांच के दौरान स्थानीय लोगों से की गई पूछताछ में यह बात सामने आई कि यह दुर्घटना सुबह करीब 6:30 बजे की है। हादसे के वक्त बस में लगभग 8–10 यात्री सवार थे, जो मनाली की ओर जा रहे थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को निकाला गया और वे दूसरी बस से अपनी मंजिल की ओर रवाना हो गए। घटनास्थल पर ड्राइवर और कंडक्टर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने जब बस मालिक विजय से संपर्क किया तो उसने बताया कि ड्राइवर और कंडक्टर का मोबाइल फोन बंद आ रहा है। बस मालिक ने यह भी बताया कि वह मनाली से अपने एक अन्य कर्मचारी को मौके पर भेज रहा है। साथ ही पुलिस द्वारा सवारियों की सूची भी बस मालिक से मांगी गई है, जिसे प्राप्त किया जा रहा है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे का मुख्य कारण ड्राइवर की तेज रफ्तारी और लापरवाही रही। बताया जा रहा है कि बस एक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे पलट गई।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ड्राइवर और कंडक्टर की तलाश जारी है। यह पता लगाने की भी कोशिश की जा रही है कि क्या बस में किसी तरह की तकनीकी खराबी थी या हादसा पूरी तरह मानवीय त्रुटि का परिणाम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *