एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनोट ने कहा कि अगर हमारा शीर्ष नेतृत्व मजबूत नहीं रहता तो किसान आंदोलन के दौरान पंजाब को भी बांग्लादेश बना दिया जाता। कंगना ने कहा कि पंजाब में किसान आंदोलन के नाम पर उपद्रवी हिंसा फैला रहे थे। वहां रे*प और ह*त्याएं हो रही थीं। किसान बिल को वापस ले लिया गया वर्ना इन उपद्रवियों की बहुत लंबी प्लानिंग थी। वे देश में कुछ भी कर सकते थे।
कंगना रनोट ने दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में किसान आंदोलन पर यह बयान दिए हैं। इस इंटरव्यू के बाद पंजाब के कांग्रेस नेता राजकुमार ने कहा, “कंगना लगातार किसानों पर ऐसे बयान दे रही हैं। उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाए और उन पर NSA लगाया जाए।”
कंगना रनोट जल्द ही फिल्म इमरजेंसी में दिखाई देंगी। उन्होंने फिल्म में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का रोल किया है। कंगना ने दावा किया, “विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी यह फिल्म देखनी चाहिए। राहुल को यह फिल्म जरूर पसंद आएगी, भले वे इसे सार्वजनिक रूप से स्वीकार करें या नहीं।”
