HRTC bus going from Kangra to Mathura attacked, miscreants threw stones in Bhanupalli – driver injured
कांगड़ा, 29 मई — हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) की नई बस सेवा के दूसरे ही दिन एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बुधवार देर रात कांगड़ा से मथुरा-वृंदावन जा रही बस पर अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। यह घटना पंजाब के भानुपल्ली क्षेत्र में हुई, जहां तीन बाइक सवार युवकों ने बस पर पत्थर फेंके और मौके से फरार हो गए।
हमले में बस का फ्रंट मिरर पूरी तरह चकनाचूर हो गया। पत्थरों की चपेट में आकर ड्राइवर राजेश कुमार को हल्की चोटें आई हैं। बस में सवार यात्रियों ने बताया कि अचानक पत्थर फेंके गए, जिससे शीशे के टुकड़े यात्रियों और चालक पर गिर पड़े।
यात्रियों में डर का माहौल, बस आधे घंटे रुकी रही
यात्रियों के मुताबिक, अंधेरे में बदमाशों ने बस पर तीन बार पत्थर फेंके, जिससे अंदर बैठे लोग डर गए। बस को तुरंत भानुपल्ली के पास रोक कर पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल पर करीब आधा घंटा बस खड़ी रही, फिर वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति के बाद बस को आगे वृंदावन के लिए रवाना किया गया।

नई सेवा के दूसरे दिन ही हमला
गौरतलब है कि यह बस सेवा बीते मंगलवार शाम 7 बजे कांगड़ा बस अड्डे से हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई थी। कार्यक्रम में पर्यटन निगम के अध्यक्ष रघुबीर सिंह बाली और एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा भी मौजूद थे।
एचआरटीसी की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक ऊना को तत्काल मौके पर भेजा गया। एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने बताया कि विभाग ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। उन्होंने कहा, “हम यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेंगे।”
अप्रैल में भी हो चुके हैं ऐसे हमले
यह पहला मामला नहीं है। अप्रैल महीने में भी हिमाचल की कई बसों पर पंजाब के अलग-अलग इलाकों में हमले हुए थे, जिनमें खालिस्तानी समर्थकों की भूमिका सामने आई थी। उस समय HRTC ने पंजाब में रात को रुकने वाली बस सेवाएं अस्थाई रूप से बंद कर दी थीं।
बाद में हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बीच बातचीत के बाद ही सेवाएं फिर से शुरू की गई थीं।
