हिमाचल प्रदेश के राजयपाल शिव प्रताप शुक्ल तथा लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल का चीन तथा तिब्बत सीमा से सटे जनजातीय घाटी स्पीति के समदो व जनजातीय जिला किन्नौर में पहला दौरा है। उन्होंने सोमवार 25 सितम्बर को 13000 फीट की ऊंचाई पर स्थित जनजातीय घाटी स्पीति के समदो सैन्य शिविर, भारत-तिब्बत सीमा बल की फारवर्ड पोस्ट लेपचा तथा सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा किया। गवर्नर शिव प्रताप शुक्ल लेपचा पोस्ट गए और यह पहला मौका है, जब किसी वशिष्ट व्यक्ति ने इस पोस्ट का दौरा किया। नियंत्रण रेखा पर बनी इस पोस्ट से तिब्बत के तीन गांव चुरुप, शकटोट और घुमुर नजऱ आते हैं। राज्यपाल को सैन्य अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी दी तथा बताया कि सेना के जवान किस तरह विपरीत परिस्थितियों में दिन-रात यहां सीमाओं की चौकसी करते हैं।
राजयपाल ने जनजातीय क्षेत्रों का दौरा किया
बहरहाल एक तरफ हिमाचल के गवर्नर शिव प्रताप शुक्ल का जनजातीय क्षेत्रों का यह पहला दौरा है। ऐसे में दूसरी तरफ चीन सीमा से सटे जनजातीय घाटी स्पीति में लोक निर्माण विभाग व बीआरओ 108आरसीसी के सैंकड़ो मजदूरों का बेरोजगार होने से इन गरीब मजदूरों का रोज़ी रोटी का संकट पड़ा हुआ है। लोक निर्माण विभाग द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के मौखिक रूप से आदेश देकर स्पीति के सभी लोक निर्माण विभाग के देनिक वेतन भोगी मजदूरों का मस्टररोल बंद कर दिया गया था। अभी तक हिमाचल प्रदेश में किसी सरकार व विभाग के अधिकारी ने पीडब्ल्यूडी विभाग के देनिक वेतन भोगी मजदूरों को नहीं निकाला था।
ऐसी परिस्थिति में स्पीति लोक निर्माण विभाग काजा डिवीजन के दैनिक वेतन भोगी मजदूरों के बेरोजगार होने से आने वाली परेशानियों के कारण स्पीति के सभी दैनिक वेतन भोगी मजदूरों पर मानसिक दवाब लगातार बढ़ रहा है और मजदूरों को परिवार का भरण-पोषण करना व बच्चों को शिक्षा देना काफी मुश्किल हो गया है, क्योंकि ये सभी मज़दूर पूरी तरह विभाग पर निर्भर हैं।
स्पीती घाटी अत्यंत पिछड़ी व दुर्गम घाटी
गौरतलब रहे कि जनजातीय घाटी स्पीति में लोक निर्माण विभाग काजा डिवीजन के अंतर्गत तैनात स्पीति के विभिन्न गांवों से लगभग 120 दैनिक वेतन भोगी मजदूर पिछले दस बारह वर्षों से सेवाएं देते आ रहे थे। लोक निर्माण विभाग में तैनात120 दैनिक वेतन भोगी मजदूरों की आजीविका का साधन सिर्फ विभाग पर निर्भर हैं। चीन व तिब्बत सीमा से सटे शुष्क जलवायु वाला स्पीती घाटी अत्यंत पिछड़ी व दुर्गम घाटी है। यहां पर रोजगार के साधन काफी सीमित हैं। यहाँ की भौगोलिक परिस्थितियां जीवन यापन करने के लिए काफी कठिन हैं। साल में गर्मियों के तीन चार महीने ही मौसम अनुकूल रहता है। सर्दियों के सात आठ महीने बर्फ़ से लकदक माइनस तीस डिग्री सेल्सियस शुष्क मौसम में शेष दुनिया से संपर्क कटा रहता है।
आज राजयपाल पहुंचे किन्नौर
आज राजयपाल शिव प्रताप शुक्ल ने वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत किन्नौर जिला के नाको और लियो गांव का दौरा किया और ग्रामीणों से बातचीत की। लियो गांव में राज्यपाल ने कहा कि किन्नौर जिला के 55 गांव वाइब्रेंट विलेज में शामिल किए गए हैं। इन गांवों में विकास को गति देने के लिए विभिन्न योजनाएं कार्यान्वित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें सीमावर्ती गांव, जिन्हें वाइब्रेंट विलेज कहा जाता है जाने का आग्रह किया था। ऐसे गांव में सुविधाएं देने का काम भारत सरकार कर रही है।
