डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान चिकित्सा महाविद्यालय टांडा अस्पताल में पहली सफल ओपन हार्ट सर्जरी हुई। टांडा अस्पताल की सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के सीटीवीएस विभाग के अंतर्गत पहली सफल ओपन हार्ट सर्जरी हुई। साथ ही दो ओपन सर्जरियाँ और की गई हैं। दरअसल टांडा अस्पताल के सीटीवीएस विभाग के एचओडी विशेषज्ञ डॉ. देशबंधु शर्मा, विशेषज्ञ डॉ. विकास पंवर, विशेषज्ञ डॉ. पुनीत शर्मा, शिमला चमियाना और डॉ. रजनीश पठानिया की संयुक्त टीम ने टांडा अस्पताल में पहली सफल ओपन हार्ट सर्जरी की। अभी तक ओपन हार्ट सर्जरी की सुविधा प्रदेश में केवल आईजीएमसी शिमला में ही उपलब्ध थी। 2005 में शिमला में पहली ओपन हार्ट सर्जरी हुई थी और अब तक चार हजार से ज्यादा ओपन हार्ट सर्जरी की जा चुकी हैं।
टांडा मेडिकल कालेज व अस्पताल भी 2019 से ओपन हार्ट सर्जरी के लिए प्रयासरत था। इसके इस्तेमाल में होने वाले उपकरणों को एकत्रित करने में प्रयासरत था। हालांकि इसके उपकरणों की लागत 8 से 10 करोड़ तक रहती है। इस ओपन हार्ट सर्जरी से हिमाचल प्रदेश के सात जिलों चंबा, हमीरपुर, ऊना, मंडी, कुल्लू, बिलासपुर व प्रदेश के सबसे बड़े जनपद कांगड़ा के मरीजों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा, जिन्हें अभी तक ओपन हार्ट सर्जरी के लिए आईजीएमसी शिमला या अन्य राज्यों का रुख करना पड़ता था।
सरकारी अस्पताल टांडा में ओपन हार्ट सर्जरी की सुविधा हिम केयर, आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए बिलकुल मुफ्त उपलब्ध है। आज TMC के प्रिंसिपल डॉ भानू अवस्थी ने इस बाबत जानकारी साझा करते हुये कहा कि हालांकि उनके पास एक पेरफ्यूसनिस्ट के साथ सर्जन की सक्षम टीम है बावजूद इसके IGMC की टीम ने यहां आकर अपनी अहम भूमिका निभाई है, और अगले कुछ दिनों तक यहां के स्टाफ को भी ट्रेंड किया जा रहा है ताकि भविष्य में TMC अपने बलबूते भी कंटीन्यूटी में हार्ट सर्जरी कर सके।
