हिमाचल के कई भागों में हो रही भारी बारिश से तबाही मची हुई है। इसी के चलते प्रदेश के मनाली में सोलंगनाला के साथ लगते अंजनी महादेव मे मध्यरात्रि बादल फटने से पलचान में भारी नुकसान हुआ है । पलचान पुल पर मलबा आने से मनाली लेह मार्ग अवरुद्ध हो गया है। बादल फटने से आई बाढ़ से पलचान में एक मकान भी ढह गया। इसके अलावा नदी में बने एक बिजली प्रोजेक्ट को भी नुकसान हुआ है। एसडीएम मनाली रमण कुमार शर्मा रात में टीम के साथ मौके पर पहुंचे। न
प्रदेश में आज और शुक्रवार को हल्की बारिश के आसार हैं। 27 से 30 जुलाई तक कई क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। बुधवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली रही।
लारजी व पंडोह बांध में स्थिति सामान्य
मनाली में बादल फटने के बाद लारजी व पंडोह बांध में अभी स्थिति सामान्य बनी हुई है। भुंतर में सुबह सात बजे 12380 क्यूसेक पानी रिकॉर्ड किया गया है। लारजी बांध का जलस्तर 966.90 मीटर बना हुआ है। बांध की अधिकतम क्षमता 968 मीटर है। बांध के गेट 8.5 मीटर तक खोले गए हैं। बीबीएमबी के पंडोह बांध से 9256 क्यूसेक पानी नीचे की ओर छोड़ा जा रहा है। गेट 4 1.75 मीटर खोला गया है। निचले क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है।
