हिमाचल में डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल को वापिस ले लिया है। ऐसे में आज बुधवार से आईजीएमसी ,अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान (चमियाना) और केएनएच में रूटीन की ओपीडी और ऑपरेशन थियेटर सामान्य रुप से पहले की तरह चलेंगे। वहीं शिमला समेत प्रदेश भर से अस्पताल आने वाले मरीजों को इलाज के लिए किसी तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कोलकता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ बलात्कार और निर्मम हत्या के बाद से डॉक्टर आक्रोशित थे। लिहाजा पिछले आठ दिनों से शहर के तीनों प्रमुख अस्पतालों में 100 से अधिक रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर थे। रेजिडेंट डॉक्टरों की मांग थी कि कोलकता में हुए इस भयावह घटना में संलिप्त आरोपियों कड़ी सजा दी जाए।
राज्य मेडिकल और डेंटल कॉलेज टीचर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. बलवीर वर्मा ने कहा कि मांगें मानने के बाद डॉक्टर काम पर लौट रहे हैं। मांगों पर मुख्यमंत्री सुक्खू से चर्चा हुई है। उन्होंने मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया है।
