हिमाचल सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरा होते ही अब मंत्रिमंडल विस्तार पर एक बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कैबिनेट की बैठक मंगलवार दोपहर को बुलाई है। 12:00 बजे के बाद यह बैठक राज्य सचिवालय में होगी और उसके बाद मंगलवार शाम ही कैबिनेट विस्तार भी हो सकता है।
राज्य सरकार राजभवन से संपर्क में है और राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल भी आज दोपहर को ही दिल्ली से लौट रहे हैं। उनके आने के बाद 4:00 बजे तक शपथ ग्रहण कार्यक्रम फाइनल हो सकता है। वर्तमान में राज्य मंत्रिमंडल में तीन पद खाली चल रहे हैं फिलवक्त इनमें से दो को भरने की चर्चा है।
बिलासपुर जिला के घुमारवीं से कांग्रेस विधायक राजेश धर्माणी और कांगड़ा जिला की जयसिंहपुर सीट से कांग्रेस विधायक यादवेंद्र गोमा को कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है । दोनों ही विधायकों को इस बारे में कल रात ही सूचना चली गई थी और ये परिजनों समेत शिमला पहुंच रहे हैं। टूरिज्म सेक्टर में निवेश लाने के लिए मुख्यमंत्री का बुधवार से दुबई जाने का कार्यक्रम भी है।
हालांकि इसके लिए अभी भारत सरकार से पॉलिटिकल क्लीयरेंस का इंतजार किया जा रहा था। इससे पहले अब यह मंत्रिमंडल विस्तार हो रहा है। इस मंत्रिमंडल विस्तार के साथ कई मंत्रियों के पोर्टफोलियो भी बदले जा सकते हैं।
