हिमाचल के एक और वीर सपूत ने अपनी जान भारत माता के लिए कुर्बान कर दी है। एक तरफ कल जहाँ देश भर में कारगिल विजय दिवस की रजत जयंती को लेकर देश भक्तों में खासा उत्साह है. इस बीच श्रीनगर से हिमाचल प्रदेश के साथ पूरे देश के लिए एक दु:ख भरी खबर सामने आई है. श्रीनगर के नजदीक आतंकियों के साथ मुठभेड़ के दौरान भारतीय सेना के जवान नायक दिलावर खान शहीद हो गए.
आतंकियों के साथ मुठभेड़ के दौरान उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया. वे भारतीय थल सेना में गनर थे और मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के रहने वाले थे. 28 साल के बलिदानी दिलावर खान का पार्थिव देह गुरुवार दोपहर दो बजे उनके पैतृक गांव लाया जाएगा.
वीरवार को भारत मां की रक्षा करते हुए बलिदान हुए दिलावर खान के पैतृक गांव घरवासड़ा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई की जाएगी. इस्लाम धर्म के नियमों के मुताबिक, उन्हें पैतृक गांव में अंतिम विदाई दी जाएगी. दिलावर खान का जन्म मार्च 1996 में हुआ था और वे 20 जनवरी 2014 को मात्र 18 साल की उम्र में ही भारतीय सेना में भर्ती हो गए थे.
