हादसा होने से टला भरमौर के कुगति मे …
भरमौर जनजातीय क्षेत्र भरमौर के कुगती में एक बड़ा हादसा होने से टला | जानकारी के अनुसार सोमवार को यहां पर बसस्टैंड व पार्किंग ना होने की वजह से श्रद्धालुओं द्वारा सड़क के किनारे ही गाड़ियां खड़ी की गई थी। लिहाजा अपने रूट पर जब निगम की बस वापस आने लगी तो जगह तंग होने की वजह से यहां पर सडक का डंगा धंस गया और एक बड़ा हादसा होने से टला। इस स्थिति को देखते ही देखते यहां पर लोगों में अफरा-तफरी माहौल बन गया। इसके बाद यहां पर निगम के कर्मचारी व स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया।
पार्किंग ना होने को लेकर लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि वहां पर बस स्टैंड में छोटी गाड़ियों की भरमार लगी रहती है। लिहाजा निगम की बसें भी वहां खड़ी होने की जगह नहीं होने के चलते नहीं पहुंच पा रही हैं।
जानकारी के अनुसार
हर रोज कार्तिक स्वामी मंदिर में दर्जनों श्रद्धालु माथा टेकने जा रहे हैं। लिहाजा वे अपनी गाड़ियों को छोटे से बसस्टैंड में ही पार्क करके जा रहे हैं। पार्किंग की जगह बहुत ही कम होने के कारण यहां पर समस्या इतनी बढ़ गई है कि यहां आने वालें दूसरी वाहनों को मुड़ने तक की जगह नहीं बच रही है।
ग्राम पंचायत प्रधान अनु बाला ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द यहां पर बस स्टैंड का निर्माण किया जाए। उन्होंने कहा है कि यहां पर लगती सड़क को पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा ठीक किया जाए ताकि श्रद्धालुओं की गाड़ियों को वहां पर पार्क किया जाए और यहां पर आने वाली बसों को किसी भी तरह की दिक्कत ना हो।
उन्होंने कहा है कि सोमवार को यहां पर बस स्टैंड में गाड़ियों की भरमार होने के चलते निगम की बस दुर्घटना होने से बाल-बाल बची है।
उन्होंने कहा है कि यहां पर हर वर्ष हजारों श्रद्धालु व पर्यटक आते हैं लेकिन पार्किंग की व्यवस्था न होने के चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उधर इस विषय पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मंडल भरमौर मीत शर्मा ने कहा है कि उन्हें इस बारे में जानकारी मिली है। उन्होंने कहा है कि साथ-साथ लगती सड़क का टेंडर भी शीघ्र ही करवा दिया जाएगा और यहां पर साथ लगती सडक पर जो स्लिपर पड़े हैं उसको हटा दिया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं की गाड़ियों को वहां पर पार्क किया जा सके।
