ऊना जिला मुख्यालय के इंदिरा गांधी खेल परिसर में शुक्रवार को जिला स्तरीय दिव्यांग प्रतिभा खोज खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग द्वारा आयोजित की गई इस प्रतियोगिता में करीब 120 विशेष बच्चों ने प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अपने हुनर के जलवे दिखाए। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी चंद्रमोहन शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए प्रतियोगिता का आगाज किया।
उन्होंने बताया कि विशेष बच्चों को खेल क्षेत्र में अवसर प्रदान करने के लिए इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता का आयोजन यहीं तक नहीं रुकेगा अपितु जिला स्तर पर विजेता रहने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा और इसी तरह सीढ़ी दर सीढ़ी चढ़ते हुए इन बच्चों को स्पेशल ओलंपिक तक जाने का अवसर भी मिल सकता है।
इस दौरान विशेष खिलाड़ियों ने करीब 10 प्रकार की खेलों में हिस्सा लिया। विशेष बच्चों की शिक्षिकाओं में अनुपम सूद और शैलजा शर्मा ने खेल विभाग द्वारा आयोजित की गई इस प्रतियोगिता को बच्चों के भविष्य के लिए सकारात्मक करार दिया। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को इस तरह के अवसर मिलने से अपनी प्रतिभा को निखारने में मदद मिलेगी वहीं उनमें प्रतिस्पर्धा के प्रति ललक भी पैदा होगी।
