शिमला में नवोदय भर्ती परीक्षा में “नकल करते पकड़े गए 40 हरियाणवी”, तकनीकी उपकरणों से दे रहे थे धोखा

शिमला में नवोदय भर्ती परीक्षा में “नकल करते पकड़े गए 40 हरियाणवी”, तकनीकी उपकरणों से दे रहे थे धोखा

40 Haryanvi students caught cheating” in Navodaya recruitment exam in Shimla, were cheating using technical equipment

शिमला | रविवार को शिमला में आयोजित नवोदय विद्यालय समिति की लैब सहायक भर्ती परीक्षा में एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ है। परीक्षा के दौरान हरियाणा से आए 40 अभ्यर्थी ब्लूटूथ और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से नकल करते हुए पकड़े गए। यह कार्रवाई शिमला के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में की गई, जहां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नकल कर रहे अभ्यर्थियों को रंगे हाथों पकड़ा।

इस मामले में पुलिस ने पांच एफआईआर दर्ज की हैं — थाना छोटा शिमला में 13, थाना ढली में 12, न्यू शिमला में 8 और सदर थाना में 7 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को यह कार्रवाई परीक्षा अधीक्षकों की शिकायत पर करनी पड़ी, जिसके बाद सभी आरोपियों के खिलाफ पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि सभी आरोपी एक संगठित गिरोह से जुड़े हो सकते हैं, जो सरकारी भर्तियों में तकनीकी धोखाधड़ी के जरिए पास कराने की साजिश रचते हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है, जिसकी अगुवाई एएसपी रतन नेगी कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं तथा इस फर्जीवाड़े के पीछे छिपे मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर से प्रतियोगी परीक्षाओं की सुरक्षा और पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *