हिमाचल प्रदेश में बेशक मानसून की रफ्तार धीमी पड़ी हुई है, लेकिन अब तक 253 लोगों की मौत और 121 करोड़ रुपए की संपत्ति तबाह हो गई है। इसके साथ 383 लोग घायल और 30 लोग लापता हैं।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक मृतकों में 110 लोगों की जान सड़कों हादसों में गई है, जबकि बाढ़ में 8, लैंडस्लाइड से 5, बादल फटने से 22, पानी में डूबने से 26, सांप के काटने से 21, करंट लगने से 15, पेड़ या ढांक से गिरने से 38 तथा 8 की अन्य कारणों से जान गई है।
पिछले एक सप्ताह के दौरान प्रदेश के ज्यादातर भागों में बारिश नहीं हुई है। मौसम विभाग ने आज कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। कल यानी 27 अगस्त से कांगड़ा, मंडी, शिमला और सोलन के कुछेक इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। 28 अगस्त को चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिला में हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। 29 से 31 अगस्त को मौसम साफ रहेगा।
बीते सप्ताह 38% कम बादल बरसे ; 18 से 25 अगस्त के बीच सामान्य से 38 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस अवधि में 50.3 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती है। मगर, इस बार 31.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बिलासपुर को छोड़कर अन्य सभी जिलों में बहुत कम बारिश हुई है।लाहौल स्पीति, हमीरपुर, शिमला, सिरमौर, सोलन और ऊना जिला में सामान्य की अपेक्षा 50 प्रतिशत से भी कम बारिश हुई है।
