जिला कुल्लू की ग्राम पंचायत मलाणा में बीते सप्ताह बादल फटने से जहां सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। तो वहीं बिजली व पानी की व्यवस्था भी अभी तक बहाल नहीं हो पाई है। ऐसे में लोगों को राशन के लिए भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है ।वहीं अब प्रशासन के द्वारा राशन भेजने के लिए हेलीकॉप्टर की भी व्यवस्था की जाएगी। गांव में मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए मलाणा गांव के ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल एडीएम कुल्लू प्रशांत सरकेक से मिला। इस दौरान कुल्लू के पूर्व विधायक महेश्वर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। मलाणा पंचायत के प्रधान राजूराम का कहना है कि मलाणा में आई बाढ़ के कारण सड़क पूरी तरह से टूट गई है और गांव तक जाने वाला रास्ता भी क्षतिग्रस्त हो गया है। अब सबसे बड़ी समस्या गांव में राशन की आ रही है ।तो वहीं बिजली व पानी ना होने के चलते भी ग्रामीण खासे परेशान है।
पंचायत के प्रधान राजूराम ने बताया कि गांव के रास्ते क्षतिग्रस्त होने से मरीजों को पीठ पर ढोकर जरी तक ले जाना पड़ रहा है और पशुओं में भी कुछ बीमारी फैल गई है। राजूराम जिला प्रशासन से आग्रह किया कि जल्द से जल्द गांव के लिए सड़क की व्यवस्था की जाए और बिजली व पानी की व्यवस्था को बहाल किया जाए।
वहीं पूर्व विधायक महेश्वर सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन से ग्रामीणों ने मांग रखी है कि पंचायत की और जाने वाले रास्ते की मरम्मत की जाए। इसके अलावा बिजली को भी बहाल किया जाए ।
वहीं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए एडीएम प्रशांत सरकेक ने बताया कि गांव के लिए प्रशासन की और से टीम मौके पर भेजी जाएगी और किस तरह से वहां हेलीकॉप्टर के माध्यम से राशन उतारा जा सकता है। उसका भी निरीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा बिजली व पानी की व्यवस्था को बहाल करने के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
