जिला हमीरपुर में कोरोना के बढ़ते मामलों व मरीज़ों को अस्पताल में टेस्ट की सुविधा से वंचित रहने पर पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया ने चिंता जाहिर की है। हमीरपुर में पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रशासन मरीजों को सुविधाएं देने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रहा है और मरीजों को अपने टेस्ट करवाने के लिए बाहरी लैब में जाकर टेस्ट करवाने पड़ रहे हैं जिससे उनको आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है । वहीं उन्होंने आयुर्वेदिक अस्पताल के बाहर पड़े ऑक्सीजन प्लांट को आज तक ना स्थापित किए जाने पर भी सवाल खड़े किए।
पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया ने कहा कि विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रयासों से हमीरपुर में स्थापित किए गए मेडिकल कॉलेज अस्पताल को राजनीतिक तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा है उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के समय स्थापित की गई एसआरएल लैब के जाने के बाद आज तक नई लैब स्थापित नहीं हो पाई है जिसके चलते मरीजों को बाहर जाकर टेस्ट करवाने पर रहे हैं जहां उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है । उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिला में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं ऐसे में सीएसआर के तहत मंगवाए गए ऑक्सीजन प्लांट की मशीनरी आयुर्वेदिक अस्पताल परिसर में धूल फांक रही है । उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कारण है कि उसे आज तक स्थापित नहीं किया गया। पठानिया ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन ने लोगों को मिलने वाली सुविधाओं से आंखें बंद कर रखी है जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहाहै।
