मुख्यमंत्री ने सोलन जिला की अर्की विधानसभा क्षेत्र के लिए 54 करोड़ रुपये की  21 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने मंगलवार को सोलन जिला के अर्की विधानसभा क्षेत्र  कुनिहार के हाटकोट में जनसभा को संबोधित करते हुए कहे कि प्रत्येक हिमाचली के लिए यह गौरव की बात है कि यह खूबसूरत प्रदेश अपनी स्थापना के 75 वर्ष पूरे करने जा रहा है। 75 वर्षों के इस गौरवशाली सफर को प्रदेश सरकार शानदार ढंग से मना रही है तथा राज्य भर में 75 कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद इन वर्षों के दौरान हिमाचल ने अभूतपूर्व विकास किया है। इसका श्रेय राज्य के सक्षम नेतृत्व के साथ-साथ प्रदेश के मेहनती और ईमानदार लोगों को भी जाता है। उन्होंने कहा कि इस पहाड़ी राज्य ने सभी क्षेत्रों में तीव्र विकास किया है। गठन के समय राज्य की साक्षरता दर केवल 4.8 प्रतिशत थी, जबकि आज यह 83 प्रतिशत से अधिक हो गई है। प्रदेश में शिक्षण संस्थानों की संख्या 301 से बढ़कर 16,124 से भी पार हो गई है। वर्ष 1948 में सड़कों की लंबाई केवल 228 किलोमीटर थी और आज यह बढ़कर 39,500 किलोमीटर हो गई है। इनमें 20,000 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा शुरू की गई महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के माध्यम से किया गया है। सीमित संसाधनों के बावजूद हिमाचल प्रदेश विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में देश के अन्य राज्यों के लिए एक आदर्श बनकर उभरा है।
सोलन जिले की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 1972 में गठन के समय जिले में सिर्फ 476 स्कूल थे, जबकि आज यहां 1108 से ज्यादा शिक्षण संस्थान हैं। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र के पिछले दौरे के दौरान उन्होंने 14 नई परियोजनाओं की घोषणा की थी, जिनमें से 13 को पूर्ण कर क्षेत्र के लोगों को समर्पित किया गया है।मुख्यमंत्री ने अर्की विधानसभा क्षेत्र के लिए कुनिहार में लगभग 54 करोड़ रुपये की 21 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किये। 
5.71 करोड़ रुपये से निर्मित मंगेरवाड़ी भजोत सड़क, 36 लाख रुपये से निर्मित सेरी जेरी सड़क, दाड़लाघाट में 27 लाख रुपये से निर्मित गृह रक्षक भवन, 1.35 करोड़ रुपये से निर्मित तालाब बेहली सड़क, अर्की में 77 लाख रुपये से निर्मित उप कोषागार कार्यालय भवन, 3.81 करोड़ रुपये से निर्मित खलीघाटी कालद्वार फलोथन कंगरीधार सड़क और कुनिहार में 62 लाख रुपये से निर्मित विषय वाद विशेषज्ञ (कृषि) के कार्यालय एवं आवास बीज फार्म भवन का लोकार्पण किया। 
 
मुख्यमंत्री ने गांव स्कोर, ग्राम पंचायत बरेल के समीपवर्ती गांवों और कंधार, अर्की विधानसभा क्षेत्र की तहसील अर्की के शेष गांवों के लिए 17.29 करोड रुपये से निर्मित होने वाली उठाऊ जलापूर्ति योजना, तहसील अर्की के गम्बर खड्ड से गांव भुमपती, धार ब्राह्मण इत्यादि के लिए 6.47 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाली उठाऊ सिंचाई योजना, तहसील रामशहर में मसौल में खवाच खड्ड पर 5.65 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले चैक डैम, तहसील रामशहर में लगदाघाट ग्राम पंचायत के गांव ओखू के लिए 1.39 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाली उठाऊ सिंचाई योजना और तहसील रामशहर में उठाऊ सिंचाई योजना के 88 लाख रुपये लागत के सुधार कार्यों का शिलान्यास किया।
 डोमैहर में 59 लाख रुपये से निर्मित होने वाले पशु औषधालय भवन, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (छात्र) कुनिहार में 81 लाख रुपये से निर्मित होने वाली विज्ञान प्रयोगशाला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दाड़लाघाट के 52 लाख रुपये से निर्मित होने वाले अतिरिक्त कमरों, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंडी में खेल मैदान के 1.02 करोड़ रुपये के संरक्षण कार्य, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बथालंग में 3.72 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले द्वितीय व तृतीय तल, सरियांज बाड़ीधर से उपरली पंबर तक 89 लाख रुपये से निर्मित होने वाली सम्पर्क सड़क, लिलीफॉर्म से पनसोडा तक 47 लाख रुपये से निर्मित होने वाले सम्पर्क मार्ग, सियार तून जावी बागी और सियार तवाड़ी सड़क से 74 लाख रुपये से निर्मित होने वाली सम्पर्क सड़क और कुनिहार बैंज-की हट्टी शैली-ब्रह्मपुखर सड़क पर लाधी से डोमेहर तक 33 लाख रुपये से सीमेंट कंक्रीट इंटरलॉक ब्लॉक बिछाने के कार्य का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों, बोर्डों और निगमों द्वारा लगाई गई हिमाचल तब और अब थीम पर आधारित प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। 
  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *