रात के अंधेरे में जिला कुल्लू की धार्मिक नगरी मणिकर्ण में पंजाबी पर्यटकों ने खूब आतंक मचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झंडे लेकर चले कुछ पंजाबी हुड़दंगियों ने दहशत का माहौल बनाया। बाजार में निकल कर जहां हुड़दंग मचाया, वहीं रास्ते में जो भी व्यक्ति मिलता गया उसकी पिटाई कर डाली और पूरे रास्ते में शोर मचाते हुए बोतलें तोड़ी। यही नहीं लोगों के घरों में पत्थर फैंके और कई मकानों को क्षति पहुंचाई। कई मकानों के शीशे भी टूटे और बाजार व गांव में खौफ का माहौल रहा। यही नहीं एक ढाबे में भी जबरन घुसे और वहां मारपीट पर उतारू हो गए। यह घटना रात करीब 12 बजे की है जब झंडे लिए हुए पर्यटकों ने खूब हुड़दंग मचाया। गौर रहे कि इससे पहले रविवार दिन को मनाली के ग्रीन टेक्स वैरियर पर भी पंजाबी पर्यटकों ने ग्रीन टेक्स देने को लेकर हमला किया था और करीब 100 मोटरसाइकिल खड़े करके नारेबाजी की थी। यहां मामले को शांत करने के लिए एसडीएम को घटना स्थल पर पहुंचना पड़ा था। लेकिन मणिकर्ण बाजार में यह घटना रात के अंधेरे में घटी और स्थानीय लोगों ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पुलिस प्रशाशन से सुरक्षा की मांग की है। उधर पुलिस प्रशाशन भी इस मामले को लेकर हरकत में आया है और जिला मुख्यालय से पुलिस की टीम मणिकर्ण के लिए रवाना कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पंजाब के पर्यटकों ने हुड़दंग मचाया है और उनकी तलाश जारी है। एसपी कुल्लू साक्षी वर्मा ने बताया कि मामले की जांच मिलते ही पुलिस टीम मणिकर्ण बाजार पहुंच गई थी और अब हुडदंग मचाने वाले लोगों की तलाश की जा रही है। उन पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
मणिकर्ण में रात को पंजाबी पर्यटकों ने मचाया हुड़दंग
