हिमाचल में कांगड़ा के जयसिंहपुर के बागकुलजां गांव की निकिता सिंह भारतीय नौ सेना में सब लेफ्टिनेंट बनी है। भारतीय नौ सेना में तकनीकी अधिकारियों का यह पहला महिला बैच है। निकिता सिंह हिमाचल प्रदेश की पहली लड़की है, जो भारतीय नौ सेना में तकनीकी अधिकारी बनी है। INS वलसुरा नौ सेना एकेडमी जामनगर में हुई पासिंग आउट परेड के बाद निकिता नौसेना में सब लेफ्टिनेंट बनी है |
निकिता की आरंभिक शिक्षा बैंगलौर, दिल्ली व देहरादून में हुई है। निकिता ने ग्राफिक इरा यूनिवर्सिटी देहरादून से BSc आईटी की पढ़ाई की थी। इसके साथ ही NCC का C सर्टिफिकेट भी हासिल किया था। निकिता ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से MSc आईटी की है और वो खालसा कॉलेज में आईटी की टॉपर भी रह चुकी है ।
निकिता सिंह ने नौ सेना में सब लेफ्टिनेंट बन देश सेवा में जाने की अपने परिवार की परंपरा को कायम रखा है। बचपन से ही दादा व पिता से सेना के शौर्य की कहानियां सुन निकिता का भी सपना था कि वो सेना में जाकर देश की सेवा करें। निकिता के दादा स्व. सरदार रत्न सिंह सेना में हवलदार रह चुके हैं तो पिता निर्मल सिंह हाल ही में सेना से कैप्टन पद से रिटायर्ड हुए हैं।
उनके भाई सेना की EME में कार्यरत है। निकिता के नौ सेना में सब लेफ्टिनेंट बनने की खबर से उनके गांव व घर मे खुशी का माहौल है । जयसिंहपुर के विधायक यादविंदर गोमा ने भी निकिता सिंह को बधाई देते हुए कहा कि निकिता ने नौ सेना महिलाओं के तकनीकी विंग में प्रदेश की पहली लड़की बन जयसिंहपुर व हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित किया है ।
