बेगोवाल के नजदीकी गांव कूका में बीती देर शाम को तेज रफ्तार एक्सयूवी कार एक घर में जा घुसी । जिससे घर के आंगन में खेल रहा 6 वर्षीय बच्चा कार की चपेट में आने से गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसे जालंधर के निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया । जहां पर उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है । जबकि कार चालक मौके से भागने लगा तो स्थानीय निवासियों ने किसान जत्थेबंदियों के सहयोग से उसे पकड़ लिया। स्थानीय निवासियों के मुताबिक युवक नशें में था । इधर बेगोवाल थाना प्रभारी दीपक शर्मा का कहना है कि उक्त कार चालक का मेडिकल करवाया गया है। जिसमें उन्होंने कार चालक युवक द्वारा शराब पीकर गाड़ी चलाने की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार वीरवार की देर शाम को गांव कूका में एक तेज रफ्तार गाड़ी नंबर पीबी09-एएल-1957 एक घर में जा घुसी। घर के आंगन में 6 वर्षीय बच्चा जोकि उस समय खेल रहा था गाड़ी की चपेट में आ जाने से गंभीर रुप से घायल हो गया । पूरी घटना घर में लगे हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। गाड़ी चला रहा युवक गाड़ी छोड़कर वहां से भागने लगा तो गांव निवासियों ने किसान जत्थेबंदियों की सहायता से उसे पकड़ लिया। उनका कहना है कि गाड़ी इतनी तेज थी कि जब घर में घुसी तो एयर बैग तक खुल गए। लोगों के मुताबिक गाड़ी चालक युवक ने नशा कर रखा था। पूछने पर उसने बताया कि वह पुलिस मुलाजिम का बेटा है। गाड़ी में पुलिस की वर्दी भी टंगी हुई थी। लोगों ने युवक को पकड़ के पुलिस के हवाले कर दिया । जिसके बाद युवक का मेडिकल करवाया गया । मेडिकल में पता चला कि उसने शराब पी रखी थी। फिलहाल घायल हुए बच्चे के परिवारजनो ने अभी तक कोई ब्यान दर्ज नहीं करवाया है।
