एशिया कप की शुरुआती दौर में सबसे कमजोर टीम श्रीलंका ने पाकिस्तान को 23 रन से हराकर एशिया कप 2022 का खिताब जीत लिया है। टीम 2014 के बाद इस मेगा टूर्नामेंट की चैंपियन बनी है। यह श्रीलंका का छठवां टाइटल है। इससे पहले उसने 2014, 2008, 2004, 1997,1986 में यह खिताब जीता था। पहली बार इस टूर्नामेंट का आयोजन 1984 में हुआ था। 38 साल में ये छठी बार है, जब श्रीलंका की टीम चैंपियन बनी है। इस बार टूर्नामेंट की शुरुआत में श्रीलंका को सबसे कमजोर टीमों में से एक माना जा रहा था।
फाइनल मैच में श्रीलंका पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 170 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 147 रन पर ऑल-आउट हो गई। श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट प्रमोद मदुशन ने लिए। वहीं, वानिंदु हसरंगा को 3 सफलता मिली। ये तीनों विकेट 17वें ओवर में आए और यही ओवर मैच का टर्निंग पॉइंट रहा। हसरंगा ने रिजवान (55), आसिफ अली (0) और खुशदिल शाह (2) को आउट किया।
श्रीलंका के लिए इस एशिया कप की शुरुआत किसी डिजास्टर से कम नहीं थी। पहले ही मैच में उसे नौसिखिआ टीम अफगानिस्तान से हरा दिया।
माना जा रहा था कि वह बांग्लादेश से भी हार सकती है और पहले राउंड में ही टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी, लेकिन श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने इस बार गजब की एकजुटता दिखाते हुए वापसी की। पहले बांग्लादेश को हराकर सुपर-4 में जगह बनाई। इसके बाद अफगानिस्तान, भारत और पाकिस्तान को हराकर टॉप पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया।
