आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर देश भर में कोविड वैक्सीन अमृत महोत्सव को आरंभ किया गया है। इसके तहत 18 से 59 वर्ष के बीच के सभी पात्र आयु समूहों के लिए एहतियाती खुराक निशुल्क लगाई जा रही है। हिमाचल में मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला के दीन दयाल उपाध्याय (DDU) अस्पताल से कोरोना वैक्सीन अमृत महोत्सव अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने सभी पात्र लोगों से अपील की है कि वे अपनी प्रीकॉशन डोज़ के लिए निकटतम सरकारी कोविड टीकाकरण केन्द्रों पर जाकर तत्काल पंजीकरण करवाएं और ‘’पहले आओ- पहले पाओ’’ के आधार पर टीकाकरण करवाएं। उन्होंने कहा कि जिस तरह हिमाचल ने पहले कोविड टीकाकरण को अभियान के तौर पर लिया है। ठीक उसी तरह प्रीकॉशन डोज के अभियान को भी युद्ध स्तर पर चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राज्य में 18 से 59 वर्ष की आयु के सभी पात्र लोगों को कोरोना वैक्सीन की प्रीकॉशन डोज मुफ्त लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना की प्रीकॉशन डोज राज्य के सभी सरकारी कोविड वैक्सीनेशन सेंटरों में 30 सितंबर तक लगाई जाएगी। पहले प्रीकॉशन डोज 60 साल से अधिक उम्र के लोगों व फ्रंट लाइन वर्कर्स को ही दी जा रही थी, लेकिन अब कोविड वैक्सीन अमृत महोत्सव के तहत 18 से अधिक आयु की कुल 50 लाख आबादी का भी टीकाकरण किया जाएगा। 18-59 आयु वर्ग के जिन लोगों ने दूसरी खुराक के 6 महीने या 26 सप्ताह पूरे कर लिए हैं। वह तीसरी खुराक के लिए पात्र हैं। जो लोग हाल ही में कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं, उन्हें प्रीकॉशन डोज के लिए 90 दिनों तक इंतजार करना होगा। इस अभियान की सफलता के लिए मुख्यमंत्री एक रोज पहले ही सभी जिलाधीश व चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दे चुके हैं।
इस अवसर पर मीडिया के प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान 15 जुलाई, 2022 से शुरू किया गया है और इस वर्ष 30 सितम्बर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अन्तर्गत 75 दिनों में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 51 लाख पात्र लोगों को निःशुल्क एहतियाती डोज लगवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को समय से पहले पूर्ण कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोविड-19 के खिलाफ 16 जनवरी, 2021 को राष्ट्र स्तरीय टीकाकरण अभियान शुरू किया था। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने देश में कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण की पहली और दूसरी डोज लगाने का कीर्तिमान स्थापित किया था, जिसकी प्रधानमंत्री ने भी सराहना की थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने 6 दिसम्बर, 2021 को सभी पात्र लाभार्थियों को कोविड टीकाकरण की दूसरी डोज लगाने में भी देशभर का प्रथम राज्य बनकर कीर्तिमान स्थापित किया है। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों की राज्य सरकार निरन्तर निगरानी कर रही है। उन्होंने लोगों से कोविड अनुरूप व्यवहार अपनाने और कोविड टीका लगवाने के लिए आगे आने का आग्रह किया। उन्होंने लोगों से एहतियाती खुराक लगवाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में लगभग 11500 बिस्तर क्षमता के साथ 48 पीएसए प्लांट, 3 एलएमओ प्लांट, 18 हजार ऑक्सीजन सिलेंडर, 1014 वेंटिलेटर हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में वर्तमान में 25 सक्रिय कोविड केंद्र हैं, जिन्हें आवश्यकता अनुसार बढ़ाया जा सकता है।
उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, प्रधान सचिव स्वास्थ्य सुभासीष पन्डा, निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. अनीता महाजन, उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी, शिमला की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेखा चोपड़ा और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

