मुख्यमंत्री बनने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू आज पहली बार कांगड़ा जिला के दौरे पर धर्मशाला पहुंचे। धर्मशाला पहुंचने पर कांग्रेस विधायकों, कांग्रेस नेताओं, प्रशासन के उच्चाधिकारियों सहित भारी संख्या में लोगों ने गर्मजोशी के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। पुलिस की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।
विपक्ष का काम तो सवाल खड़े करना, अभी उनके के पास बोलने को कुछ नहीं: सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू
इस अवसर पर पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि उनका यह पहला कांगड़ा का दौरा है और वह लोगों का आभार व्यक्त करना चाहते हैं । उन्होंने कहा कि आम नागरिक और आम लोगों की सरकार प्रदेश में बनी है।
इस दौरान कांगड़ा के विधायकों द्वारा मुख्यमंत्री के स्वागत में आभार रैली का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार योजनाबद्ध तरीके से योजनाओं को आगे लाएगी और सरकार इसे अमलीजामा भी पहनाएगी।
कांगड़ा जिला पर्यटन नगरी बनने की राह पर
सीएम सुक्खू ने जिला कांगड़ा को पर्यटन की दृष्टि से किस प्रकार आगे बढ़ाया जा सकता है, उस पर बल सेट हुए कहा कि इस पर कार्य किया जा रहा है। पर्यटन को बढ़ाने के लिए सभी जिला मुख्यालयों को जोड़ने के लिए हेलीपोर्ट का निर्माण अति शीघ्र किया जा रहा है। 1 वर्ष के भीतर सभी हेलीपोर्ट का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिला कांगड़ा में पर्यटन को किस प्रकार बढ़ाया जा सकता है और पर्यटकों को अधिक समय के लिए किस प्रकार रोका जा सकता है। इस दिशा में भी कार्य किया जा रहा है । इसके अलावा कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तारीकरण को लेकर भी कदम उठाए जा रहे हैं, उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट की जद में आने वाले प्रभावित लोगों और क्षेत्र के नुकसान का आकलन किया जा रहा है । उसके बाद हम कांगड़ा के एयरपोर्ट के संदर्भ में अगला फैसला करेंगे।
विपक्ष का काम है सवाल खड़ा करना , 9 महीने में 900 संस्थान बिना बजट और कर्मचारियों खोल दिए
सीएम ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का काम सवाल खड़ा करना है। अभी उनके पास बोलने को कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने 9 महीने में 900 संस्थान बिना बजट और कर्मचारियों खोल दिए। जो कि हिमाचल की जनता के साथ एक धोखा ही नहीं बल्कि अपराध है। उन्होंने कहा कि 75 वर्षों में भी एक साथ इतने संस्थान नहीं खोले गए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने वर्तमान संस्थानों को कमजोर करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की ओर से खोले गए इन संस्थानों में कोई भी नई नियुक्ति नहीं की गई और ना ही किसी प्रकार के बजट का प्रावधान किया गया जिसके चलते 590 संस्थानों को डिनोटिफाई किए गया है।
हमारी सरकार बजट और अधिकारी और कर्मचारियों के साथ संस्थान खोलेगी
सीएम ने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि हमारी सरकार बजट और अधिकारी और कर्मचारियों के साथ संस्थान खोलेगी। भाजपा सरकार ने राजनीतिक लाभ के लिए 9 महीनों में 900 संस्थान खोल दिए। इसके बावजूद लोगों ने भाजपा को प्रदेश में पूरी तरह से नकार दिया है। कांग्रेस सरकार जहां पर आवश्यकता होगी वहां पर जरूरत के हिसाब से संस्थानों को खोलेगी।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा हिमाचल के कांगड़ा जिला से होकर भी गुजरेगी
ऑपरेशन लोटस को लेकर कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ऑपरेशन लोटस को पूरी तरह नकार चुके हैं। और यह सब मनगढ़ंत बातें हैं इन पर ध्यान नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक सरेआम घूम रहे हैं। कांग्रेस की सरकार पूरी तरह से मजबूत है। कांग्रेस 5 वर्ष तक प्रदेश को स्वच्छ प्रशासन प्रदान करेगी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि जल्द ही कैबिनेट विस्तार भी किया जाएगा। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का प्रदेश के साथ लगाव है और कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा हिमाचल के कांगड़ा जिला से होकर भी गुजरेगी जिसकी जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी।
