राज्यपाल ने विवेकानन्द कन्या छात्रावास का लोकार्पण किया

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज शिमला के निकट ब्योलिया में हिमगिरि कल्याण आश्रम द्वारा निर्मित विवेकानंद कन्या छात्रावास का लोकार्पण किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि हिमगिरि कल्याण आश्रम हिमाचल प्रदेश के जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में जीवन मूल्यों का संरक्षण और संवर्धन का कार्य कर रहा है। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान के माध्यम से कमजोर वर्ग के बच्चों को बेहतर आवासीय छात्रावास की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य के जनजातीय समाज के सर्वांगीण और समग्र विकास के लिए हिमगिरि कल्याण आश्रम वर्ष 1985 से कार्यरत है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान बच्चों को छात्रावास के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण और जीवन मूल्यों पर आधारित शिक्षा प्रदान कर रहा है। उन्होंने छात्रावास के लिए भूमि दान करने वाले स्वर्गीय मठा राम को श्रद्धांजलि अर्पित की और विनोद अग्रवाल, नंद लाल शर्मा, स्वर्गीय मठा राम की धर्मपत्नी कन्नू देवी एवं भवन निर्माण में सहयोग करने वाले अन्य समाजसेवियों के प्रयासों की सराहना की।
राज्यपाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब तक हिमगिरि कल्याण आश्रम से उत्तीर्ण लगभग 550 विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं। उन्होंने किन्नौर जिले के रिकांगपिओ में कन्याओं के छात्रावास और सोलन, चंबा, शिमला और रामपुर में छात्रों के लिए छात्रावास चलाने के लिए आश्रम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन छात्रावासों में दूर-दराज एवं जनजातीय क्षेत्रों से आने वाले वंचित वर्गों के बालक-बालिकाओं को भोजन, वस्त्र, आवास, शिक्षा एवं चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और उसके वैदिक ज्ञान का पालन करना हम सबका दायित्व है।
उन्होंने कहा कि हिमगिरी कल्याण आश्रम द्वारा बाल संस्कार केंद्र, श्रद्धा जागरण केंद्र, सिलाई प्रशिक्षण केंद्र और खेल संबंधी अन्य परियोजनाएं भी क्रियान्वित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा से बड़ा कोई कार्य नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *