भारत-बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला चटगांव में खेला जा रहा है। भारत ने टॉस जीतकर बैटिंग करने का फैसला लिया है। पहले दिन बुधवार को पहले सेशन के खेल में भारत ने तीन विकेट पर 54 रन बना लिए हैं। अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। बांग्लादेश की ओर से तैजुल इस्लाम 2 विकेट ले चुके हैं।
ऐसे गिरे टीम इंडिया के विकेट…
- पहला : शुभमन गिल (20) तैजुल इस्लाम की बॉल पर स्वीप कर शार्ट लेग की दिशा से सिंगल चुराना चाह रहे थे। लेकिन, बॉल बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर खड़ी हो गई और यासिर ने कैच कर लिया।
- दूसरा : केएल राहुल (22) बनाकर पवेलियन लौट गए। वे खालिद अहमद की लेंथ बॉल पर बोल्ड हुए। खालिद की बॉल राहुल के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर स्टंप में चली गई।
- तीसरा : विराट कोहली तैजुल इस्लाम की बॉल पर LBW हुए। अंपायर ने अंगुली उठाई। लेकिन, कोहली ने पुजारा से चर्चा करने के बाद रिव्यू लिया। पर फैसला नहीं बदला।
41 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप
भारतीय पारी की शुरुआत करने उतरे कप्तान केएल राहुल और शुभमन गिल के बीच 41 रनों की साझेदारी हुई। दोनों आसानी से रन बटोर रहे थे। तभी गिल कैच दे बैठे।
देखिए दोनों देशों की प्लेइंग-11
भारत: केएल राहुल (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, उमेश यादव और मोहम्मद सिराज।
बांग्लादेश : जाकिर हसन, नजमुल हसन शान्तो, यासिर अली, मुश्फिकुर रहीम, शाकिब अल हसन (कप्तान), लिटन दास, नुरुल हसन, मेहदी हसन मिराज, तैजुल इस्लाम, खालेद अहमद और इबादत हुसैन।
3 साल बाद दोनों देशों के बीच टेस्ट सीरीज
दोनों टीमें 3 साल बाद आपस में टेस्ट खेल रही हैं। दोनों के बीच 2019 में आखिरी बार 2 टेस्ट की सीरीज खेली गई थी। भारत ने इसे 2-0 से जीता था।
भारत जहां वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचनी की अपनी दावेदारी मजबूत करने मैदान में उतरा है। वहीं, बांग्लादेश 22 साल में पहली बार टीम इंडिया के खिलाफ टेस्ट जीतने की कोशिश कर रहा है।
