हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह आज राहुल गांधी के साथ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में चल कर रही हैं। प्रतिभा सिंह ने मध्यप्रदेश के महू से राहुल गांधी के साथ सफर शुरू किया। बताया जा रहा है कि वह दिनभर यात्रा में चलेंगी। इससे पहले प्रतिभा सिंह ने राहुल गांधी को हिमाचली टोपी पहनाकर सम्मानित किया।
प्रतिभा सिंह के साथ उनके बेटे और शिमला ग्रामीण सीट से कांग्रेस कैंडिडेट विक्रमादित्य सिंह और हिमाचल प्रदेश यूथ कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर भी यात्रा में शामिल हुए।
कांग्रेस के भारत जोड़ो यात्रा को राहुल गांधी लीड कर रहे हैं. उन्होंने 7 सितंबर को दक्षिणी भारत के आखिरी छोर कहे जाने वाले कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा शुरू की थी। इस यात्रा का मकसद भारत के सामाजिक ताने-बाने को एकजुट और मज़बूत करना है। राहुल की यह यात्रा 12 राज्यों से होते हुए जम्मू-कश्मीर में समाप्त होगी। राहुल गांधी 150 दिन की इस यात्रा में लगभग 3,500 किलोमीटर पैदल चलेंगे। प्रतिभा सिंह इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ पैदल चलने वाली हिमाचल की पहली कांग्रेस नेता हैं।
कांग्रेस के अनुसार, यह यात्रा बेरोजगारी, महंगाई, नफरत, विभाजन की राजनीति और भारतीय पॉलिटिक्स के गिरते स्तर के ख़िलाफ जन-जागरण कर रही है।
