प्रदेश की तीन, चार विधानसभा क्षेत्रों को उत्तराखंड से जोड़ने वाले प्रमुख सोलन मिनस सड़क मार्ग की खराब दशा को लेकर लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। 60 के दशक में बनी इस सड़क की दशा बद से बदत्तर हो गई है। केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने वर्ष 2016 में प्रदेश की 69 सड़कों को नेशनल हाईवे बनाने की घोषणा की थी। उसमें सोलन मिनस मार्ग का सनौरा से मिनस तक का मार्ग शामिल था। यही नहीं वर्ष 2018-19 में इस सड़क के एलाइनमेंट बनाने व इस मार्ग में कितना ट्रैफिक है उसका कार्य प्रारम्भ किया था, जोकि आज तक भी आगे नहीं बढ़ पाया है। करीब 114 किलोमीटर लंबे इस मार्ग में अधिकतर हिस्सा कच्चे से भी बदतर है। लोक निर्माण विभाग कुछ किलोमीटर सड़क को ही पक्का करता है, जब तक आगे की सड़क पक्की होती है तो पिछली खराब हो जाती है। सड़क की दशा न सुधरने से खफा लोगों के सब्र का बांध टूटने लगा है। किसान सभा सिरमौर के बैनर तले अब ग्रामीणों ने आज नौ मार्च से रोहनाट से सनौरा तक पैदल यात्रा करने का निर्णय लिया है | 114 कि मी लंबी यह यात्रा किसान सभा जिला सिरमौर के अध्यक्ष सतपाल मान की अध्यक्षता में निकाली जाएगी | इस यात्रा के दौरान रोहनाट, हरिपुरधार, नौहराधार व राजगढ़ में प्रशासन को ज्ञापन सौंपें जाएंगे और इस सड़क को नेशनल हाईवे बनाने की मांग की जाएगी। इस बारे में राष्ट्रीय राज मार्ग के अधिशासी अभियंता नाहन प्रमोद उप्रिति से सम्पर्क करने पर उन्होंने बताया कि इस सड़क की एलाइनमेंट प्लान अभी फाईनल नहीं हुई है | बजट उपलब्ध होने पर डिटेल डीपीआर बनाई जाएगी।।
सोलन मिनस सडक मार्ग के सुधार के लिए पैदल यात्रा आज से शुरू
