https://www.facebook.com/nationspeaksabbolegahindustan/videos/202267442411570
ऊना जिला मुख्यालय के साथ-साथ नेशनल हाइवे से सटे विभिन्न कस्बों और मुख्य चौराहों के सौंदर्यीकरण को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। जिसके तहत नेशनल हाईवे अथॉरिटी के साथ-साथ लोक निर्माण विभाग को भी व्यापक दिशानिर्देश के तहत काम के आदेश जारी किए गए हैं। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में पिछले माह विभिन्न विभागों की हुई बैठक के दौरान इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लिया गया है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर ऊना होशियारपुर नेशनल हाईवे स्थित घालूवाल चौक पर सेना के शौर्य और पराक्रम के प्रतीक टैंक को स्थापित किया जा रहा है। इससे जहां एक तरफ पर्यटन की दृष्टि से विकास होगा वहीं दूसरी तरफ युवाओं को भारतीय सेनाओं में सेवा प्रदान करने के प्रति प्रेरित भी किया जा सकेगा। इतना ही नहीं यह जिला वासियों के साथ-साथ इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों के लिए भी भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम का बड़ा प्रतीक बनकर उभरेगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न कस्बों के मुख्य चौराहों को सौंदर्यकरण की दृष्टि से संवारने के लिए भी काम शुरू कर दिया गया है।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के गृह जिला ऊना के विभिन्न कस्बों और विशेष रूप से नेशनल हाईवे से जुड़े चौराहों के सौंदर्यीकरण को लेकर पायलट प्रोजेक्ट के आधार पर काम शुरू किया गया है। इसी कड़ी में हरोली विधानसभा क्षेत्र के तहत घालूवाल में भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम का प्रतीक टैंक जल्द स्थापित किया जा रहा है। जिसके लिए स्थान चयनित करने के बाद अब इस स्थल को टैंक की स्थापना के लिए सजाया और संवारा भी जा रहा है। हालांकि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने स्वंय अपने सोशल मीडिया पर घालुवाल में स्थापित किये जाने वाले सेना के टैंक की फोटो भी पोस्ट की है। डीसी राघव शर्मा ने बताया कि उप मुख्यमंत्री के साथ फरवरी माह में विभिन्न विभागों की एक अहम बैठक का आयोजन किया गया था, जिसके तहत जिला के विभिन्न कस्बों और मुख्य चौराहों को संवारने के निर्देश जारी किए गए थे। इनमें नेशनल हाईवे से छोटे कस्बों के चौराहे प्रमुख तौर पर सौंदर्यकरण की दृष्टि से उभारे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम का प्रतीक टैंक स्थापित करने के पीछे एक तरफ जहां युवाओं को भारतीय सेना में सेवाएं देने के लिए प्रेरित करने का उद्देश्य है वहीं दूसरी तरफ इस धरोहर को पर्यटन की दृष्टि से भी जिला के विकास के लिए स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग को भी यह निर्देश दिए गए हैं कि जिला भर में स्थापित की गई वर्षा शालिकाओं का जीर्णोद्धार करते हुए सजाया और संवारा जाए, जबकि इसके अतिरिक्त इन वर्षा शालिकाओं में लगाई गई विभिन्न प्रकार की प्रचार सामग्री को पूरी तरह से हटा दिया जाए।
