सरकारी बस वाले ने प्राइवेट बस वाले को बोला ‘ठहर तेरी………’

टाईमिंग को लेकर HRTC और न्यू प्रेम बस सर्विस के ड्राईवर बसों को रोककर बीच सड़क पर लड़ पड़े। दोनों में जमकर लात-घूंसे चले और सवारियां परेशान होती रही। दोनों ड्राईवरों के लड़ाई का वीडियो भी सामने आया है। यह लड़ाई पिछले कल मंडी जिला के जोगिंद्रनगर उपमंडल के तहत आने वाले गुम्मा के पास हुई है। शिमला से तुलाह जा रही एचआरटीसी की बस टायर में हवा भरवाने के लिए पधर में रूकी और इस कारण 10 मिनट की देरी हो गई। इसी बात को लेकर न्यू प्रेम बस सर्विस वाले ड्राईवर के साथ विवाद शुरू हो गया और यह विवाद मारपीट तक जा पहुंचा।

शिमला तुलाह रूट पर बस में तैनात कंडक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि न्यू प्रेम के ड्राईवर ने बस को सड़क के बीच रोककर एचआरटीसी के ड्राईवर के साथ गाली-गलौच किया और फिर मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि इस बात को लेकर जोगिंद्रनगर पुलिस थाना में शिकायत दे दी है और कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं, के यातायात प्रबंधक पवन कुमार ने भी इस मामले पर पुलिस और निगम से सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

मंडी बस स्टैंड में नहीं घुसने दी न्यू प्रेम की बसें
इस घटना से नाराज चल रहे HRTC के ड्राईवरों और कंडक्टरों ने आज बस स्टैंड के प्रवेश द्वार पर नाकेबंदी कर दी और न्यू प्रेम की बसों को बस स्टैंड में नहीं घुसने दिया। तीन बसें गेट के बाहर ही खड़ी रही। बाद में जब इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को मिली तो उन्होंने मौके पर आकर मामले को शांत करवाया और बसों को बस स्टैंड में आने दिया गया। बताया जा रहा है कि मामले में आपसी सहमति से समाधान निकालने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *