कालका-शिमला NH5 बंद होने की वजह से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गयी है। दरअसल मंगलवार रात 2:45 बजे कालका शिमला नेशनल हाईवे पांच पर चक्कीमोड़ के समीप सड़क का 40 मीटर हिस्सा ढह गया था। जिस कारण लोगो को भी काफी समस्याओं का समाना करना पड़ा। वहीँ नेशनल हाईवे पांच के ढहे हिस्से में अभी भी लगातार भूस्खलन जारी है। ऐसे में अब यहां पर फोरलेन निर्माण कर रही कंपनी के लिए काम करना भी चुनौती बन गया है। बुधवार दोपदर पहाड़ी वाली लेन से मलबा हटाकर सड़क से कुछ हल्के वाहनों को ट्रायल के तौर पर निकाला गया।
लेकिन कुछ ही देर बाद यहां पर फिर भूस्खलन हो गया और कालका-शिमला NH5 बंद हो गई। इस सड़क को 3:00 बजे फिर छोटी गाड़ियों के लिए बहाल किया गया लेकिन चंद मिनटों के बाद मूसलाधार बारिश हो गई और 4:00 बजे सड़क का बचा हिस्सा भी ढह गया। जिससे अब यहां पर आवाजाही पूरी तरह ठप है। वहीं अब दत्यार की तरफ सड़क पर दरारें पड़नी शुरू हो गईं है। कुमारहट्टी से चक्कीमोड़ तक हाईवे पर केवल लोकल वाहन ही आवाजाही कर रहे हैं। जबकि लंबे रूट की बसें और ट्रकों को कुमारहट्टी से नाहन होकर चंडीगढ़ भेजा जा रहा है।
कालका-शिमला NH-5 बंद होने के बाद जिला पुलिस सोलन ने रूट प्लान जारी किया है। वैकल्पिक सड़क का इस्तेमाल कर लोग गंतव्य तक पहुंच सकते हैं। धर्मपुर-कसौली-परवाणू, कुमारहट्टी-नाहन, कुमारहट्टी-भोजनगर-नारायणी-परवाणू सड़क इसमें शामिल है। अधिकतर लोगों ने इसी सड़क का इस्तेमाल किया। इसमें बसों को कुमारहट्टी से नाहन होते चंडीगढ़ भेजा जा रहा है। वहीँ छोटे वाहनों को कसौली-परवाणू और जोहड़जी परवाणू का विकल्प मार्ग दिया गया है। साथ ही शिमला से चंडीगढ़ जाने के लिए जुब्बड़हट्टी-कुनिहार-नालागढ़-सिसवां रूट का इस्तेमान कर सकते है।
