न*शे में धुत कार चालक ने रौंदे प्रवासी मजदूरों के तीन बच्चे

Drunk car driver ran over three children
न*शे में धुत कार चालक ने प्रवासी मजदूरों के तीन बच्चों को अपनी कार से रौंद डाला। इस हादसे में एक बच्ची की मौ*त हो गई है जबकि दो बच्चों का मेडिकल कालेज नेरचौक में उपचार जारी है। मिली जानकारी के अनुसार मंडी जिला के पुलिस थाना सुंदरनगर के अंतर्गत सोमवार देर शाम ग्राम पंचायत कलौहड़ के धनेश्वरी व रोपा गांव के समीप एक बेकाबू आल्टो कार ने प्रवासी मजदूरों के 3 बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी। घायल बच्चों की शिनाख्त 8 वर्षीय सत्यम, 10 वर्षीय अनुपमा और 12 वर्षीय दुर्गा के रूप में हुई है।
हादसे के समय कार को जाभी राम पुत्र शिवराम गांव धरोट डाकघर बरौहकड़ी तहसील निहरी जिला मंडी चला रहा था। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों द्वारा तीनों घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल हास्पिटल सुंदरनगर लाया गया जहां से डॉक्टरो ने प्रारंभिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के दौरान 10 वर्षीय अनुपमा ने दम तोड़ दिया जबकि बाकी दो घायल बच्चों का उपचार जारी है। पंचायत समिति कलौहड़ के सदस्य महेश शर्मा हादसे की सूचना मिलते ही तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और अस्पताल जाकर बच्चों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि चालक शराब के नशे में धुत था और लोगों को गुमराह करने के लिए अपनी जानकारी छुपा रहा था। पुलिस ने आरोपी का मेडिकल करवाकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार ने बताया कि कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। कार चालक का मेडिकल सिविल अस्पताल में करवाया गया है। उन्होंने बताया कि एक बच्ची की मौत हो गई है जबकि दो का उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *