75 वर्ष पूर्ण होने पर सोलन की सभी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होंगे कार्यक्रम : सुखराम चौधरी

आज़ादी के ७५ वर्ष पूर्ण होने पर एवं हिमाचल प्रदेश की स्थापना के  उपलक्ष पर अगस्त माह में ज़िला सोलन के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में आज ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
 
सुख राम चौधरी ने कहा कि देश के 75 वर्ष पूर्ण होने के लक्ष्य पर आज़ादी के अमृत महोत्सव के रूप में निर्णय है और प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में हिमाचल प्रदेश के अस्तित्व में आने तथा वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में हुई विकासात्मक उपलब्धियों को प्रदर्शनियों एवं वृत्त चित्रों के माध्यम से 75 वर्ष में हुए कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। इनमें विशेष रूप से स्वास्थ्य, बागवानी, कृषि, ऊर्जा, शिक्षा, पर्यटन, जल शक्ति, लोक निर्माण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा उद्योग विभाग से संबंधित विकासात्मक प्रदर्शनियों के माध्यम से लोगों को प्रदेश में 75 वर्षाेे के दौरान हुए विकास से अवगत करवाया जाएगा। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि इन कार्यक्रमों में स्वयं सहायता समूह, युवा तथा महिला मण्डलों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, पंचायती राज तथा शहरी निकाय के प्रतिनिधियों का सहयोग विशेष रूप से लिया जाएगा। 
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी इस दौरान लोगों को उपलब्ध करवाई जाएगी। प्रदेश के युवाओं को विकास यात्रा के इतिहास, वर्तमान और भविष्य से भी अवगत कराया जायेगा। 
 
 कसौली विधानसभा क्षेत्र में यह कार्यक्रम धर्मपुर अथवा परवाणू, सोलन विधानसभा क्षेत्र में कण्डाघाट उपमण्डल की ग्राम पंचायत सिरीनगर, अर्की विधानसभा क्षेत्र में ग्राम पंचायत जयनगर, नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में रामशहर तथा दून विधानसभा क्षेत्र के पट्टा महलोग में इन कार्यक्रमों का किया जाना प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *