अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर हिमाचल कांग्रेस 13 मार्च को राजभवन का घेराव करने जा रही है. हिमाचल कांग्रेस के इस प्रदर्शन की अगुवाई प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह करेंगी | कांग्रेस पार्टी अडानी समूह और केंद्र सरकार के बीच अनकहे प्रेम का आरोप केंद्र सरकार पर लगा रही है. कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार अपने चहेते गौतम अडानी को फायदा देने के लिए एलआईसी और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया पर दबाव बना रही है | देशभर के साथ हिमाचल प्रदेश में भी 13 मार्च को राजभवन का घेराव होगा और राज्यपाल की मौजूदगी में देश के राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा |
इस अवसर पर हिमाचल कांग्रेस के प्रशासनिक और लेखा महासचिव यशवंत छाजटा ने कहा कि केंद्र सरकार एलआईसी और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया पर अडानी समूह के शेयर में इन्वेस्टमेंट करने का दबाव बना रही है | उन्होंने कहा कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद जब अडानी के शेयर गिरे, तो इससे एलआईसी और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया को नुकसान हुआ | अब एक बार फिर सरकार अडानी समूह के शेयर पर इन्वेस्टमेंट करने का दबाव बना रही है | उन्होंने कहा कि सरकार गलत तरीके से अडानी समूह को फायदा पहुंचा रही है | यशवंत छाजटा ने हिमाचल बीजेपी पर भी हमला साधते हुये कहा कि प्रदेश में बीजेपी संस्थान बंद करने को लेकर प्रदर्शन कर रही है, लेकिन बीजेपी को देशभर में बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करना चाहिए | उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने केवल उन्हीं संस्थानों को बंद किया है, जिन्हें सिर्फ चुनाव में फायदा लेने के लिए खोला गया था |
वहीं, नगर निगम शिमला के चुनाव को लेकर यशवंत छाजटा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है | उन्होंने कहा कि पार्टी जिताऊ कैंडिडेट को पार्षद के उम्मीदवार के तौर पर उतारेगी |
