हिमाचल प्रदेश के सबसे लंबे पुल के दिन सरकार बदलते ही बदलने शुरू हो गए। बात कर रहे हैं जिला ऊना के हरोली रामपुर पुल की। जिला की लाइफ लाइन कही जाने वाली सोमभद्रा नदी पर बने इस पुल के दिन सरकार बदलते ही फिरने शुरू हो गए। हरोली के विधायक और कद्दावर नेता मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही लोक निर्माण विभाग ने उनके इस ड्रीम प्रोजेक्ट को सजाने और संवारने का काम शुरू कर दिया। एक तरफ मुकेश उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ले रहे थे वहीं दूसरी तरफ लोक निर्माण विभाग के अधिकारी कर्मचारी इस पुल को रंग रोगन से सजाने में जुट गए थे। अब डिप्टी सीएम के इस ड्रीम प्रोजेक्ट को सजाने के अगले चरण में प्रवेश करते हुए लोक निर्माण विभाग 12 लाख की दूधिया रोशनी से इस पुल को जगमगाने के प्रोजेक्ट पर काम को शुरू कर चुका है। करीब 16 लाख रुपए की लागत से इस पुल को पूरी तरह से नई नवेली दुल्हन की तरह सजाने का काम किया जा रहा है।
12 लाख रुपए की लागत से इस पुल पर 60 सोलर लाइटस लगाई जा रही है
हरोली और जिला मुख्यालय की दूरी को कम करने के उद्देश्य से इस पुल का निर्माण किया गया था और यह पुल डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जाता है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में हिमाचल के सबसे लंबे पुल का उद्घाटन किया गया था। कांग्रेस की सरकार के सत्ता में आते ही लोक निर्माण विभाग द्वारा सबसे पहले इस पुल पर रंग रोगन का काम करवाया गया वहीं अब इस पुल पर दूधिया रोशनी का इंतजाम किया जा रहा है। जिसमें से करीब 12 लाख रुपए की लागत से इस पुल पर 60 सोलर लाइटस लगाई जा रही हैं। हिमाचल प्रदेश के इस सबसे लंबे पुल पर से जहाँ सैंकड़ो वाहन गुजरते है वहीं पुल दोनों तरफ बने फुटपाथ पर रोजाना सैकड़ों की संख्या में ऊना और हरोली विधानसभा क्षेत्रों के लोग सैर करने के लिए भी आते हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जी एस राणा का कहना है कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के निर्देश के बाद हरोली रामपुर पुल को सजाने संवारने का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुल के रंग रोगन और सोलर लाइटें लगाने पर करीब 17 लाख का खर्च आएगा।
