हमीरपुर
एडीसी जितेंद्र सांजटा ने कोरोना के संबंध में सरकार द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला हमीरपुर में भी विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी ने स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कालेज के अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपनों क्षेत्र के स्वास्थ्य संस्थानों में सैंपलिंग और टेस्टिंग बढ़ाएं।
सीएमओ डॉक्टर आरके अग्निहोत्री कहा कि खांसी, जुकाम और बुखार से ग्रस्त लोगों का आरटी-पीसीआर टेस्ट होना चाहिए और इनमें अगर कोई कोरोना पॉजिटिव मामला सामने आता है तो उस सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग भी करवाएं, ताकि कोरोना वायरस के नए वेरिएंट का पता लगाया जा सके।
उन्होंने बताया कि जिला हमीरपुर में पिछले कई हफ्तों से कोरोना का कोई भी नया मामला सामने नहीं आया है, लेकिन कई देशों में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए विशेष एहतियात बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना संबंधी किसी भी तरह की स्थिति से निपटने की तैयारियों के आकलन के लिए मंगलवार को पूरे देश के स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है।
सीएमओ डॉक्टर आरके अग्निहोत्री ने कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान ऑक्सीजन प्लांट्स, सिलेंडरों, कंसन्ट्रेटर्स, आइसोलेशन वार्ड, बिस्तर, आवश्यक दवाइयां और अन्य संसाधनों की उपलब्धता का आकलन किया जाएगा। इसलिए सभी बीएमओ अपने-अपने स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों की सूची तैयार करें और इनकी रिपोर्ट वेबपोर्टल पर अपलोड करवाएं। इनमें छह या इससे अधिक बिस्तर क्षमता वाले सभी चिकित्सा संस्थान शामिल किए जाएंगे
