मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को मण्डी के प्रसिद्ध पड्डल मैदान में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड द्वारा आयोजित समारोह की अध्यक्षता करते हुए 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली योजना का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्तमान कार्यकाल के दौरान आम जनता को सीधे तौर पर लाभान्वित करने के लिए ऐसे कई कल्याणकारी निर्णय लिए हैं। जिससे 14 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता लाभान्वित हो रहा है और जीरो बिजली बिल आ रहा है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश विद्युत का सरप्लस उत्पादन कर रहा है। प्रदेश में 24,567 मेगावाट विद्युत क्षमता है, जिसमें से 11,138 मेगावाट का दोहन किया जा चुका है। प्रदेश ने वर्ष 2030 तक 10,000 मेगावाट की अतिरिक्त विद्युत क्षमता का दोहन करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसमें 1500 से 2000 मेगावाट सौर ऊर्जा शामिल है। प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल के दौरान प्रदेश में 24 जल विद्युत परियोजनाएं पूर्ण की गई हैं।
प्रदेश सरकार ने उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली प्रदान करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के इस निर्णय से राज्य के 22,59,645 घरेलू उपभोक्ताओं में से 14,62,130 से अधिक उपभोक्ताओं के बिजली बिल जीरो आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व 125 यूनिट तक बिजली खर्च करने पर उपभोक्तओं को लगभग 600 रुपये का भुगतान करना पड़ता था। प्रदेश सरकार ने 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली प्रदान कर 14 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को लगभग 600 रुपये प्रतिमाह की बचत का लाभ प्रदान किया है।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड द्वारा ऊर्जा क्षेत्र में प्रदेश की प्रगति पर आधारित एक फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
